भिवानी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वीरवार को उपायुक्त कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। कांग्रेस, सीपीआईएम और सीपीआई कार्यकर्ता पुराने बस स्टैंड से जुलूस निकालकर नारेबाजी करते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने और कथित तौर पर हटाए गए पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल करने की मांग की। प्रदर्शन की संयुक्त अध्यक्षता कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी, शहरी प्रधान प्रदीप गुलिया, सीपीआईएम जिला सचिव कामरेड ओम प्रकाश और सीपीआई जिला सचिव फूल सिंह इंदौरा ने की।
इंडिया गठबंधन एवं कांग्रेस की ओर से प्रदर्शन के भिवानी प्रभारी आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि विपक्षी दलों का आरोप है कि एसआईआर के माध्यम से देशभर में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों से हटाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि करीब 13 करोड़ 30 लाख वोट प्रभावित हुए हैं तथा बिहार, असम और पश्चिम बंगाल में भी बड़ी संख्या में नाम काटे गए हैं।
कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी, शहरी प्रधान प्रदीप गुलिया, सीपीआईएम जिला सचिव कामरेड ओम प्रकाश और सीपीआई जिला सचिव फूल सिंह इंदौरा ने कहा कि फॉर्म-6 के साथ अतिरिक्त दस्तावेज मांगने और मतदाता सूची में नाम बनाए रखने की प्रक्रिया को लेकर लोगों में असंतोष है। उन्होंने एसआईआर के दौरान हटाए गए सभी पात्र मतदाताओं के नाम पारदर्शी प्रक्रिया के तहत दोबारा जोड़ने की मांग की।
पुलिस कार्रवाई के विरोध में काली पट्टी बांधकर मनाया काला दिवस
गठबंधन नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी के साथ पुलिस ने ज्यादती की है। उन्होंने दावा किया कि करीब 300 सांसदों को अवैध हिरासत में रखा गया। इसके विरोध में प्रदर्शनकारियों ने काली पट्टी बांधकर काला दिवस मनाया। प्रदर्शन को पूर्व विधायक शिवशंकर भारद्वाज, कमल सिंह प्रधान, ईश्वर मान, कांग्रेस नेता संदीप तंवर, धीरज सिंह, समीर खट्टक, रूपेंद्र ग्रेवाल, कामरेड रवि खन्ना, सीपीआईएम नेता सुखदेव पाल, नरेश तंवर, मास्टर जगरोशन, करतार ग्रेवाल और कामरेड अनिल कुमार ने संबोधित किया।