गांव प्रेमनगर में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर धरने पर बैठे ग्रामीण नारेबाजी करते हुए। संवाद न्य?
- फोटो : Bhiwani
मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर प्रेमनगर निर्माण स्थल पर सोमवार को भी धरना जारी रहा। सोमवार को धरने पर बैठे ग्रामीणों के पास विधायक घनश्याम सर्राफ और भाजपा जिला अध्यक्ष नंदराम धानिया पहुंचे। प्रेमनगर में मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। विभिन्न जनसंगठनों ने विधायक के माध्यम से मुख्यमंत्री को अपना मांग पत्र भी भेजा।
धरने पर बैठे ग्रामीणों ने बताया कि प्रेमनगर की पंचायत ने मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए 37 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई थी, जिस पर सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मेडिकल कॉलेज का निर्माण पिछले चार साल से अटका हुआ है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि मेडिकल कॉलेज गांव प्रेमनगर की भूमि की बजाए शहर में ही कहीं अन्य जगह बनाने की प्लानिंग चल रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ऐसा करती है तो वे किसी भी सूरत में मेडिकल कॉलेज दूसरी जगह नहीं बनने देंगे। ग्रामीणों की मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग पर विधायक घनश्याम दास सर्राफ, जिला अध्यक्ष नंदराम धानिया सहित अन्य संगठनों ने भी उनका समर्थन किया। विधायक घनश्याम सर्राफ ने आंदोलनकारियों को आश्वासन देते हुए कहा कि वे उनकी मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे। इसके लिए एक कमेटी का भी गठन करने का निर्णय लिया। इस अवसर पर रिटायर्ड कर्मचारी संघ से मास्टर दीवान सिंह जाखड़, अखिल भारतीय किसान महासभा से मास्टर शेर सिंह, सत्यवान दुहन, दलीप सिंह सांगवान, राकेश शर्मा, विनोद पिंकू, प्रवीण नैन, देवेंद्र श्योराण अधिवक्ता, राजकुमार ढांडा, नरसिंह सरपंच, संजय बुरा, राजकुमार, रामेहर, निरज, संदीप मल्हान उपस्थित थे।