सांसद धर्मबीर सिंह से मिलते प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के सदस्य। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को सांसद धर्मबीर सिंह, बोर्ड चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह और जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह से मुलाकात की। स्कूल बंद करने के फैसले का विरोध कर रहे कर रहे एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें अपनी समस्या बताई और मांग पत्र सौंपा। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि उनकी मांग नहीं मानी गई तो बोर्ड परीक्षाओं के बहिष्कार के साथ 19 अप्रैल को बोर्ड का घेराव किया जाएगा और ताला लगाया जाएगा। 16 अप्रैल को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को ताला लगाया जाएगा।
सोमवार को प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल प्रदेशाध्यक्ष राम अवतार शर्मा के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा। शर्मा ने स्कूलों की परेशानियों से अवगत करवाते हुए सांसद धर्मबीर से कहा कि अभी तो स्कूल दोबारा से अपने पैरों पर खड़े होने लगे थे कि शिक्षा विभाग ने फिर से चोट मार दी। अब तो अभिभावक और बच्चे भी नहीं चाहते की स्कूल बंद हों। ऐसे में जब सब कुछ खुला है तो सिर्फ स्कूल ही क्यों बंद हो। शर्मा ने बोर्ड चेयरमैन को स्कूलों को आ रही दिक्कतों के बारे में अवगत करवाया। एसोसिएशन ने कहा कि यदि सरकार इस निर्णय के संबंध में प्राइवेट स्कूलों को किसी प्रकार की राहत नहीं देती है तो 20 अप्रैल से शुरू हो रही बोर्ड की परीक्षाओं के सेंटर बनाने के लिए प्राइवेट स्कूल उपलब्ध नहीं होंगे।