कस्बे के सामान्य बस स्टैंड परिसर के मुख्य गेट पर प्राइवेट बसों में सरकारी बस पास लागू करवाने को लेकर छात्रों ने जमकर हंगामा किया। सुबह नौ बजे आई प्राइवेट बस में यात्रा करने की मनाही पर गुस्साए छात्रों ने मुख्य गेट पर बस के सामने ही जाम लगा दिया। शनिवार को छात्र नेता रिंकू पाराशर ने बताया कि छात्रों को प्राइवेट बस मालिकों द्वारा बेवजह तंग किया जा रहा है।
सरकार ने घोषणा की थी सरकारी बस पास छात्रों का निजी बसों में भी लागू होगा। लेकिन भिवानी-हांसी रूट पर चलने वाली प्राइवेट बसों में लगातार छात्रों से जबरदस्ती पैसे छीन कर दस गुना किराया लिया जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाने के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सीआईडी इंचार्ज व पुलिस टीम के आश्वासन पर छात्रों ने जाम खोला।
रोडवेज महाप्रबंधक धनराज कुंडू ने बताया कि नियमानुसार सिर्फ छात्राओं के लिए सरकारी बस पास प्राइवेट बसों में भी मान्य हैं। छात्रों के लिए सरकारी और प्राइवेट बस के अलग अलग पास मान्य हैं। अपनी सुविधा के अनुसार वे निजी या सरकारी बस का पास बनवा सकते हैं। फिर भी प्राइवेट बसों के प्रशासन द्वारा दस गुना किराया लिया जाना सामाजिक रूप से गलत है। छात्रों के मामले में उनको थोड़ा नरम रुख अपनाना चाहिए।