फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani : नगर परिषद का चुनाव लड़ना है तो फॉर्म भरने में बरतें ये सावधानियां, फोटो जरूरी साथ लाएं

विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। नगर परिषद चुनाव के लिए नियुक्त रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम संदीप कुमार अग्रवाल ने कहा कि इच्छुक प्रत्याशी नामांकन पत्र पर फोटो लगाने के अलावा दो टिकट साइज फोटो अपने साथ जरूर लेकर आएं। लघु सचिवालय स्थित एसडीएम कार्यालय के निर्धारित कोर्ट रूम में नामांकन दाखिल होंगे। फोटो की बैक ग्राउंड सफेद हो, ताकि चेहरा साफ नजर आए। फोटो किसी भी पुलिस/फोर्स या अन्य किसी स्पेशल यूनिफॉर्म में नहीं होनी चाहिए, बल्कि फोटो सामान्य कपड़ों में हो और रंगीन होना चाहिए।
विज्ञापन

रिटर्निंग अधिकारी अग्रवाल ने कहा कि प्रत्याशी नामांकन फॉर्म को अच्छी तरह से पूरा भरकर जमा करवाएं। उन्होंने कहा है कि यदि कोई अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित वार्ड से नामांकन कर रहा है तो वह जाति प्रमाणपत्र की सत्यापित प्रति जरूर साथ लगाए। इसी प्रकार से शैक्षणिक योग्यता का सत्यापित प्रमाणपत्र साथ लगाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि प्रत्याशी नामांकन पत्र के साथ जरूरी दस्तावेज जैसे एफिडेविट, बिजली व कृषि संबंधित बैंक से नो ड्यूज प्रमाणपत्र जरूर लगाएं। प्रत्याशी नामांकन पत्र में दिए गए निर्देशों को अच्छी तरह से पढ़ें और सभी जरूरी दस्तावेज/प्रमाणपत्र साथ लगाएं।
चेयरपर्सन पद के लिए 1500 रुपये होगी प्रतिभूति राशि
उन्होंने बताया कि हरियाणा निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार भिवानी नगर परिषद की मुखिया (चेयरपर्सन) महिला होगी, जिसके लिए के लिए प्रतिभूति राशि 1500 रुपये देनी होगी। इसी प्रकार से सामान्य वर्ग पार्षद के लिए 2000 और महिला और अनुसूचित जाति के लिए 1000 रुपये प्रतिभूति राशि तय की गई है।
विज्ञापन

प्रत्याशी आठवीं पास हो : चेयरपर्सन का चुनाव लड़ने वाली महिला प्रत्याशी का आठवीं पास होना जरूरी है। पार्षद पद के लिए सामान्य जाति के लिए 10वीं कक्षा और महिला व अनुसूचित जाति के लिए 8वीं पास होना जरूरी है।
14 वार्ड आरक्षित
रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि नगर परिषद में कुल 31 वार्डों का चुनाव होगा। उन्होंने बताया कि 14 वार्ड आरक्षित किए गए हैं, इनमें अनुसूचित जाति के लिए 14,19 व 23 आरक्षित किए हैं। अनुसूचित जाति महिला के लिए वार्ड नंबर तीन व 13 निर्धारित किए हैं। महिला के लिए वार्ड नंबर 6, 8, 9,10, 12, 15, 18, 21 व 24 आरक्षित किया है। शेष वार्ड अनारक्षित/सामान्य हैं।
30 मई से चार जून तक होगा नामांकन
30 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, जो चार जून तक चलेगी। नामांकन सोमवार से शनिवार तक प्रात: 11 बजे से सांय तीन बजे तक किए जाएंगे। दो जून को अवकाश होने के चलते इस दिन नामांकन नहीं होगा। नामांकन पत्र दाखिल करने, जांच करने, वापस लेने व चुनाव चिह्न आवंटित करने के लिए लघु सचिवालय स्थित एसडीएम भिवानी के कार्यालय के कमरा नंबर 38 को निर्धारित किया गया है। रिटर्निंग अधिकारी बताया कि 6 जून को सुबह 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की छंटनी की जाएगी। 7 जून को प्रात: 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन पत्र वापस लिए जाएंगे। इसी दिन अपराह्न 3 बजे के बाद नामांकन पत्रों की अंतिम सूची जारी होगी। सात जून को ही मतदान केंद्रों की सूची जारी कर दी जाएगी। 19 जून को मतदान होगा, मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। 22 जून को सुबह आठ बजे से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के हॉल नंबर एक में मतों की गणना होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें