भिवानी। हवा में बढ़ रहे प्रदूषण से लगातार लोगों की सेहत भी बिगड़ रही है। जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में भी मरीजों की भीड़ बढ़ गई है। रोजाना ही करीब साढ़े तीन सौ से चार सौ मरीज मौसमी बीमारियों की चपेट में आने से पहुंच रहे हैं। ऐसे मरीजों को चिकित्सक उपचार के साथ-साथ बचाव के उपाय भी सुझा रहे हैं।
जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में रोजाना ही करीब 1300 मरीजों की ओपीडी में जांच हो रही है। इसमें सबसे अधिक बाल रोग और फिजिशियन की ओपीडी में मरीज पहुंच रहे हैं। सर्दी के मौसम में बुखार से पीड़ित मरीजों को भी बदन व हड्डियों में दर्द के मामले बढ़ गए हैं। इसी के साथ छोटे बच्चों की सेहत भी ठंड में नासाज हो रही है।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रिटा का कहना है कि छोटे बच्चों में खांसी जुकाम और बुखार की शिकायत ज्यादा बढ़ गई है। इसमें कुछ असर इस समय मौसम में बने प्रदूषण का भी है।
फिजिशियन की ओपीडी में आने वाले मरीजों को भी डॉ. यतीन गुप्ता उपचार के साथ-साथ उन्हें बचाव के उपाय सुझा रहे हैं। दरअसल, डेंगू के साथ वायरल बुखार भी तेजी से फैल रहा है। ऐसे में ज्यादातर मरीज मच्छर व मौसम के बदलने से चपेट में आ रहे हैं।
ये रखें सावधानी
- ठंड के दौरान गर्म कपड़ों का प्रयोग करें।
- पानी को गर्म कर पीयें।
- सिर को खुला न रखें, शीत लहर या ठंडी हवा के दौरान गर्म कपड़े से सिर को ढकें।
- धुंध व कोहरे के दौरान ज्यादा पसीना आने वाला कार्य करने से भी बचें।
- बुखार होने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेंं।
इन दिनों मौसम में बदलाव हो रहा है। ऐसे मौसम में ज्यादातर लोग मौसमी बीमारियों के संक्रमण से ही घिर जाते हैं। जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में पर्याप्त व्यवस्थाएं कराई गई हैं, उपचार को लेकर किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं आने दी जा रही है।
- डॉ. बलवान सिंह, प्रधान चिकित्सा अधिकारी, जिला नागरिक अस्पताल भिवानी।