भिवानी। बढ़ते वायु प्रदूषण का असर अब आंखों पर भी पड़ने लगा है। आंखों में जलन, खुजली, लालिमा और सूखेपन की शिकायत लेकर पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज पहुंचने वाले मरीजों की संख्या रोजाना 30-40 बढ़ गई है।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. हरजीत सिंह के अनुसार हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के सूक्ष्म कण आंखों की बाहरी सतह को प्रभावित कर रहे हैं। इससे जलन, खुजली, लालिमा, आंखों से पानी आना और संक्रमण जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
लंबे समय तक प्रदूषित वातावरण में रहने से ड्राई आई यानी आंखों में सूखेपन की परेशानी भी बढ़ सकती है। ऐसे में लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए और जरूरी काम से बाहर जाते समय चश्मा पहनना चाहिए। उन्होंने बताया कि बाहर अधिक समय बिताने वाले युवा और बुजुर्ग इन समस्याओं की चपेट में ज्यादा आ रहे हैं जबकि बच्चों में शिकायतें अपेक्षाकृत कम हैं।
आंखों में खुजली होने पर उन्हें रगड़ने से बचना चाहिए क्योंकि इससे जलन और सूजन बढ़ सकती है। हल्की परेशानी होने पर आंखों को साफ पानी से धो सकते हैं लेकिन बिना चिकित्सकीय सलाह के आई ड्रॉप या किसी अन्य दवा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। लगातार परेशानी रहने पर नेत्र रोग विशेषज्ञ से जांच करवाना जरूरी है।
आंखों को हो सकते हैं ये नुकसान
प्रदूषण के संपर्क में लंबे समय तक रहने से आंखों में एलर्जी, सूखापन, जलन और सूजन की समस्या बढ़ सकती है। आंखों की सतह पर मौजूद नमी प्रभावित होने से चुभन और किरकिरापन महसूस हो सकता है। कुछ मामलों में अधिक जलन के कारण अस्थायी रूप से धुंधला दिखाई देने की शिकायत भी हो सकती है। तेज दर्द, रोशनी से परेशानी या नजर में बदलाव होने पर तुरंत चिकित्सकीय जांच करवानी चाहिए।
चश्मा पहनें, आंखों को रगड़ने से बचें
डॉ. हरजीत सिंह ने बताया कि प्रदूषण से बचाव के लिए बाहर निकलते समय चश्मा पहनें। दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल करें ताकि आंखों में सीधी हवा, धूल और धुआं न पहुंचे। आंखों में जलन होने पर साफ पानी से धोएं और बिना डॉक्टर की सलाह के कोई दवा न डालें। जिले में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए ग्रेप-3 के नियम भी लागू किए गए हैं।