भिवानी। अल सुबह से आई हल्की बूंदाबांदी के बावजूद वातावरण में प्रदूषण लगातार बढ़ता रहा। इसकी वजह से आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ के मामले कम नहीं हुए। मंगलवार दिनभर बूंदाबांदी होती रही, जिसके कारण अधिकतर लोग घरों के अंदर ही बैठे रहे। पिछले 20 दिनों से बढ़े प्रदूषण के कारण हर कोई आस लगाए हुए था कि बारिश के बाद मौसम में सकारात्मक परिवर्तन होगा और प्रदूषण से राहत मिलेगा। मगर बारिश का प्रदूषण में कोई खास असर नहीं दिखा। बारिश के कारण अधिकतम तापमान 5.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जिले में अधिकतम तापमान 25.3 और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री दर्ज हुआ। शाम के समय ठिठुरन शुरू हो गई, जिसके कारण लोग स्वेटर पहने नजर आएं। मंगलवार सुबह चार बजे एक्यूआई 215, पांच बजे 256, छह बजे से आठ बजे तक 256, नौ बजे 269, 10 बजे 281, सुबह 11 बजे 284, दोपहर 12 बजे 291, दोपहर एक बजे 300, दो बजे 305, तीन बजे 314, दोपहर चार बजे 327, शाम पांच बजे 340 दर्ज हुआ।
बारिश के कारण बाजारों में घटी रौनक
त्योहारी सीजन जाने के साथ ही अब हुई बारिश के कारण बाजारों से रौनक कम हो गई है। दुकानदारों का कहना है कि अब पहले के मुकाबले नाममात्र के ग्राहक आते है। बाजारों में सबसे कम खरीदारी कपड़े, बर्तन, आभूषण और ऑटो मोबाइल में लग रही है। पहले यहां दुकानदारों व कर्मचारियों को दिनभर खाना खाने के लिए भी समय नहीं मिलता था और अब पूरा दिन वे आराम फरमा रहे है। वहीं बारिश के कारण भी मंगलवार को कम ही ग्राहक घरों से बाहर निकले, जिसके कारण बाजार में चहल-पहल नहीं दिखी। वहीं अब सर्दी के कपड़ों से भी बाजार फिर से गुलजार होगा।
खांसी-जुकाम की चपेट में आए बच्चे व बुजुर्ग
मौसम में पहले बढ़े प्रदूषण और अब आई बारिश के कारण बच्चे और बुजुर्गों के लिए आफत बनी हुई है। प्रदूषण के कारण पहले जहां सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन के मामले सामने आ रहे है। वहीं अब बारिश और गुलाबी ठंड में बच्चे और बुजुर्गों को खांसी-जुकाम ने जकड़ लिया है, जिसके कारण वे बीमारियों की चपेट में आ रहे है।
किसानों के चेहरे पर मुस्कान
किसानों ने सरसों की बिजाई का कार्य पूरा कर दिया है। अब वे कपास से निपटान के बाद गेहूं की बिजाई के लिए भूमि तैयार कर रहे हैं। अधिकतर किसान सिंचाई कर रहे थे और अब हुई हल्की बारिश के कारण सरसों की फसल को फायदा होगा। इसके साथ ही गेहूं की बिजाई में भी यह बारिश फायदेमंद होगी।
पिछले 10 दिनों के एक्यूआई की जानकारी
दिनांक एक्यूआई
08 नवंबर 340
07 नवंबर 190
06 नवंबर 213
05 नवंबर 375
04 नवंबर 395
03 नवंबर 439
02 नवंबर 232
01 नवंबर 297
31 अक्तूबर 299
30 अक्तूबर 307
एयर क्वालिटी इंडेक्स के मानक:
एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) को 0-50 के बीच बेहतर, 51-100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच सामान्य, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है। वहीं, हवा में पीएम 10 का स्तर 100 और पीएम 2.5 60 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
विशेषज्ञ सलाह
हल्की बारिश के बाद मौसम में ठंडक शुरू हो गई है। ऐसे में ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहने और गर्म पानी ही पीएं। इन दिनों प्रदूषण का स्तर भी लगातार बढ़ता जा रहे है, जोकि सांस, त्वचा और नेत्र रोगियों के लिए काफी नुकसानदायक है। ऐसे में अधिक धूल वाली जगह पर जाने से परहेज करें और शाम के समय बच्चे व बुजुर्गों को घर पर ही रखें।
- डॉ. यतिन गुप्ता, सीनियर फिजिशियन, नागरिक अस्पताल।