लोकसभा चुनावों से पहले एक बार फिर नगर परिषद की सियासत में फिर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। अब चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के नाम पर नहीं बल्कि नगर परिषद हाउस की बैठक में पेमेंट अप्रूवल कमेटी सदस्य चुनाव पर सहमति बनाने की चुनौती आन खड़ी हो गई है। वीरवार को रेलवे रोड स्थित नगर परिषद कार्यालय में नगर परिषद के सभी 31 वार्डों के पार्षदों की हाउस बैठक होगी। इसमें एक पार्षद को पेमेंट अपू्रवल कमेटी सदस्य के तौर पर चुना जाएगा।
ये चुनाव सर्वसम्मति से होगा या फिर वोटिंग की नौबत आएगी। इसके लिए नगर परिषद ने बैलेट पेपर भी तैयार कराए हैं, ताकि जरूरत पड़ी तो इनका इस्तेमाल वोटिंग के लिए किया जा सके। पेमेंट अप्रूवल कमेटी सदस्य में भी दलगत राजनीति हावी हो गई है। इसमें कांग्रेस समर्थित खेमे के दो पार्षदों के नाम कमेटी सदस्य बनने के लिए चर्चाओं में आ चुके हैं। बताया यह भी जा रहा है कि कुछ अर्से तक भाजपा के खेमे में शामिल अधिकांश पार्षद अब कांग्रेस की भाषा बोलने लगे हैं। यही वजह है कि कांग्रेस खेमे में अब 31 में से 20 पार्षद होने का दावा तक किया जा रहा है।
नगर परिषद कार्यालय में वीरवार सुबह 11 बजे नगर परिषद हाउस की आम बैठक प्रस्तावित की गई है। इसका मुख्य एजेंडा भी पेमेंट अप्रूवल कमेटी सदस्य का चुनाव करना और शहर के विकास मसौदों पर चर्चा के बाद प्रस्ताव पास करना है। शहरभर से कई लोगों के सुझाव भी शहर के विकास के लिए नगर परिषद के समक्ष आए हैं, जिन पर भी बैठक में चर्चा होगी और फिर पार्षदों की सहमति से इन पर प्रस्ताव भी पास किए जाएंगे।
इसके अलावा बैठक में शहर के अंदर अनधिकृत कॉलोनियों के मसौदे पर भी चर्चा रहेगी। नगर परिषद की ओर से सर्वेक्षण के बाद अनधिकृत कॉलोनियों की रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जा चुकी हैं, मगर अब इनमें से कुछ कॉलोनियों पर प्रस्ताव होने बाकी है। जिन पर भी पार्षद अपनी सहमति की मुहर लगाएंगे। कुछ पार्षदों के वार्डों में भी लंबे अर्से से विकास का अकाल पड़ा है। अब ये पार्षद भी बैठक में अपनी भड़ास निकालेंगे और सदन में अपनी बात मजबूती से रखकर विकास कार्यों के लिए बजट की मांग रखेंगे। हालांकि जिन वार्डों के प्रस्ताव पहले आ चुके थे, उनमें अधिकांश में गलियों का निर्माण शुरू हो चुका है। मगर अब भी कई ऐसे विकास कार्य अटके हैं, जो विभिन्न सरकारी विभागों से संबंधित है। जिन पर नगर परिषद सदन में प्रस्ताव पास कर उन संबंधित विभागों से इन कार्यों को कराने का अनुरोध किया जाएगा।
बैलेट पेपर पर दर्ज होंगे 29 पार्षदों के नाम
नगर परिषद हाउस सदन की बैठक में पेमेंट अप्रूवल कमेटी सदस्य के नाम पर अगर सर्वसम्मति नहीं बनती है तो फिर वोटिंग होगी। इसके लिए नगर परिषद द्वारा तैयार कराए गए बैलेट पेपर पर 29 पार्षदों के नाम दर्ज किए गए हैं। जो पार्षद मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे वो संबंधित पार्षद के नाम के आगे अपने पार्षद की मुहर लगाएंगे। इसकी गिनती के बाद यह तय होगा कि किस पार्षद को कितने मत मिले हैं और सबसे अधिक मत लेने वाले के नाम की घोषणा होगी।
नगर परिषद हाउस की बैठक वीरवार सुबह 11 बजे बुलाई गई है। बैठक में पहला एजेंड़ा पेमेंट अप्रूवल कमेटी सदस्य के चुनाव का रहेगा। इसके उपरांत पार्षद शहर के विकास कार्यों और अनधिकृत कॉलोनियों के प्रस्ताव भी पास करेंगे।
-भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद भिवानी।