सीवर समस्या को लेकर शहर के पार्षद उपायुक्त से मिलने पहुंचे। साथ ही विधायक के खिलाफ भी मोर्चा खोलते हुए मुख्यमंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन में क्षेत्र मेें विकास कार्य नहीं करने के आरोप लगाए। पार्षदों ने आरोप लगाया कि सीवर व्यवस्था ठप है। इस कारण गंदा पानी सप्लाई में आ रहा है। विधायक के पास जाते है तो जवाब मिलता है कि सीएम विंडो पर शिकायत कर दो। अधिकारी मेरी सुनते नहीं। साथ ही किसी युवा पार्षद साथी को प्रत्याशी बनाने की मांग की है। वहीं विधायक ने कहा कि 125 करोड़ गलियों के लिए ला दिये और 65 करोड़ से अमरुत योजना का काम चल रहा है। सीवरेज की समस्या मंत्री के समक्ष भी रखी थी और काम भी हो रहा है। लोकतंत्र में सभी को अपनी दावेदारी रखने का अधिकार है और ये विरोध करने वाले पार्षद भी टिकट के लिए ही ऐसा कर रहे है।
शहर में सीवरेज की गंभीर समस्या बनी हुई और इस कारण शहर की अधिकतर कॉलोनियों में गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। जिस कारण लोग परेशान है। पिछली कष्ट निवारण समिति की बैठक में विधायक घनश्याम सर्राफ ने शिक्षा मंत्री के समक्ष भी यह मुद्दा रखा था। शिक्षा मंत्री ने जन स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों को सारी सीवरेज लाइनों की सफाई कराने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके अभी तक समस्या जस की तस बनी हुई है।
पार्षद पहुंचे डीसी दरबार, युवा को टिकट देने की रखी मांग
दोपहर के समय पार्षदों का एक प्रतिनिधिमंडल पार्षद हर्षदीप डुडेजा के नेतृत्व में उपायुक्त से मिलने पहुंचा और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि शहर में सीवरेज की समस्या बनी हुई है। भिवानी आगमन के दौरान भी मुख्यमंत्री के समक्ष यह समस्या रखी थी। पार्षद हर्षदीप ने कहा कि जन समस्याओं के लिए जब विधायक के पास जाते है तो वे सीएम विंडो पर शिकायत करने की सलाह देते है। कहते है कि अधिकारी उनकी सुनते और मानते नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक अपनी जिम्मेदारियों से बच रहे है। पार्षदों ने मांग की कि इस बार किसी प्रगतिशील और जनहित की सोच रखने वाले युवा को पार्टी का प्रत्याशी बनाये। किसी युवा पार्षद को उम्मीदवार बनाया जाता है तो वे पूरा सहयोग करेंगे। इस मौके पर पार्षद हर्षदीप, पानू मस्ता, संदीप भारद्वाज, ललित सैनी, प्रवीण मास्टर, विजय तंवर, नरेंद्र तंवर, ज्योति कामरा, बलवान, गोविंद बिल्लु बादशाह, मांगेराम शर्मा, सुरेंद्र पूनिया, हरिराम, रोशन लाल, अशोक जोगी, राज कुमार, पवन सैनी, संजय दुआ, अंचल अरोड़ा, मनीष गुरेजा, जितेंद्र कुमार, नंदकिशोर आदि मौजूद थे।
नगर परिषद में 125 करोड़ रुपये की राशि गलियों व अन्य विकास कार्यों के लिए लेकर आए। 65 करोड़ रुपये से अमरुत योजना के तहत कॉलोनियों में सीवरेज और पानी की लाइनें बिछाने का काम चल रहा है। अभी भी संतुष्ट नहीं है। लोकतंत्र में सभी को अपनी दावेदारी रखने का अधिकार है। यह पार्टी का काम है कि किसे टिकट देती है।
घनश्याम सर्राफ, पूर्व मंत्री एवं विधायक