महिला सुरक्षा व जागरूकता कार्यक्रम में मौजूद छात्राएं व महिलाएं।
भिवानी। आकांक्षा फाउंडेशन समिति मुंबई के साथ जिला पुलिस भिवानी की ओर से चलाए गए तीन दिवसीय महिला जागरूक कार्यक्रम का वीरवार को समापन हुआ। छात्राओं व महिलाओं को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा था।
फाउंडेशन की अध्यक्ष ने राजीव गांधी महिला महाविद्यालय में छात्राओं को महिला विरुद्ध अपराध, डायल 112, ट्रिप मैनेजमेंट के बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया। पुलिस अधीक्षक भिवानी वरुण सिंगला ने बताया कि महिलाओं को सुरक्षित माहौल और उन्हें बेहतर सुरक्षा प्रदान करना पुलिस की प्राथमिकता है। जिला यातायात पुलिस की ओर से महिला सुरक्षा के मद्देनजर ऑटो पर यूनिक नंबर लगाने का कार्य पूरा किया जा चुका है। महिला सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए पुलिस महानिदेशक हरियाणा शत्रुजीत कपूर के आदेश अनुसार के दिशा निर्देश अनुसार जिला यातायात पुलिस द्वारा जिला में चलने वाले सभी ऑटो पर विशेष यूनिक नंबर लगाए गए हैं।
वरुण सिंगला ने कहा कि महिलाओं में सुरक्षा की भावना पैदा करने के लिए जिला पुलिस हर समय तत्पर रहती है, ताकि महिलाएं अपने आपको कार्यस्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक परिवहन में पूरी तरह से सुरक्षित महसूस कर यात्रा कर सकें। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य महिला में सुरक्षा की भावना को बढ़ाना है और उनके परिवार की चिंता को कम करना है। उन्होंने कहा कि जो महिलाएं देर रात यात्रा करती हैं, वे डायल 112 नंबर पर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकती हैं, ताकि पुलिस के पास उनका नंबर स्थाई रूप से फीड हो जाए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यात्रा करने वाली महिलाएं किसी भी ऑटो से यात्रा करते समय अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से चालक की फोटो खींचकर 112 पर भेज सकती हैं । पुलिस विभाग की इस पहल से जहां अच्छी छवि के ऑटो-रिक्शा चालकों को राहत मिलेगी वहीं इस पेशे से जुड़े असामाजिक तत्वों पर भी अंकुश लगेगा।