एसएचओ सत्यनारायण शर्मा को राखी बांधती महिला परीक्षार्थी।
भिवानी। बारिश के बीच हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा में परीक्षार्थियों की चुनौती बढ़ गई तो पुलिस ने मददगार की भूमिका निभाई। अल सुबह से ही हो रही बारिश से शहर में कई जगह जलभराव हो गया। जलभराव के बीच फंसे कई परीक्षार्थियों को शहर थाना पुलिस के एसएचओ सत्यनारायण शर्मा ने अपनी गाड़ी में बैठाकर समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया।
यही नहीं परीक्षा केंद्रों पर काफी ऐसे परीक्षार्थी थे, किसी के आधार कार्ड की दिक्कत, तो किसी के एडमिट कार्ड पर खराब फोटो, तो किसी की दस्तावेज की फोटो स्टेट कापी धुंधली होने सहित अनेक त्रुटि आई हुई थी, जिससे मायूस व रोते हुए विद्यार्थियों को एसएचओ सत्यनारायण शर्मा व उनकी टीम ने परीक्षा केंद्रों से दूर स्थित फोटो स्टेट व फोटो स्टूडियो पर ले जाकर अर्जेंट फोटो व फोटो कॉपी उपलब्ध करवाई और उन्हें समय पर परीक्षा केंद्रों पर भेजा।
भिवानी के दिनोद गेट स्थित वैश्य मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बने परीक्षा केंद्र में एक महिला परीक्षार्थी जिसके पास समय कम था और उसको दस्तावेज में कमी के कारण परीक्षा केंद्र से बाहर निकाल दिया, यहां निरीक्षण के दौरान पहुंचे एसएचओ को महिला परीक्षार्थी रोती हुई नजर आई, क्यों वहां भी आसपास कोई फोटो स्टूडियो नहीं था, महिला को बिलखता देख एसएचओ ने अपने ड्राइवर से गाड़ी घुमवाई और महिला परीक्षार्थी को मदद दी, इस दौरान महिला पुलिस साथ रही।
इस बारे में भिवानी के सिटी थाना एसएचओ सत्यनारायण ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने एक दिन पहले ही मौसम की नजाकत को देख उन्हें अलर्ट कर दिया था। उन्होंने कहा कि एक महिला छात्रा को उन्होंने मदद पहुंचाई तो उन्होंने मुझे राखी बांधी तो इस सेवा से दिल को सुकून मिला।