बवानीखेड़ा। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से रविवार दोपहर करीब 12 बजे निजी स्कूल के पास पुलिस राइडर पर तैनात सिपाही अनिल कुमार घायल हो गया। हादसे के समय वह एसपीओ रविकांत के साथ डायल 112 की कॉल अटेंड कर लौट रहा था। टक्कर से पुलिस राइडर बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
नारनौंद के गांव पेटवाड़ निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह हरियाणा पुलिस में सिपाही है और बवानीखेड़ा थाने में राइडर पर तैनात है। रविवार को वह एसपीओ रविकांत के साथ ड्यूटी पर था और बाइक चला रहा था। डायल 112 की कॉल अटेंड करने के बाद दोनों गांव जाटू लोहारी से बवानीखेड़ा लौट रहे थे।
शिकायत के अनुसार बवानीखेड़ा में निजी स्कूल के पास सामने से आ रहे ट्रक चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अनिल कुमार को काफी चोटें आईं और राइडर बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। एसपीओ रविकांत उसे उपचार के लिए बवानीखेड़ा के अस्पताल ले गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे भिवानी के नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका हिसार के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
बवानीखेड़ा थाने के जांच अधिकारी सुरेश ने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।