भिवानी। एसपी के आदेशों की खुद पुलिसकर्मी खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। एसपी ने बाजारों में चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद करने के आदेश जारी किए हुए हैं। मगर खुद पुलिस कर्मी ही बैरिकेट हटाकर चार पहिया वाहनों की एंट्री करवा रहे हैं। नतीजतन शहर के मुख्य बाजारों में जाम की वजह से दिनभर दोपहिया वाहन से लेकर राहगीर परेशान हो रहे हैं। थोड़ी बहुत कसर दुकानदारों, रेहड़ी चालकों ने सड़क पर अतिक्रमण कर पूरी कर दी है।
दशहरे के साथ शुरू हुए फेस्टिवल सीजन के चलते बाजारों में भारी भीड़ उमड़ रही है। बाजारों में भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रतीक्षा गोदारा ने बाजारों में चार पहिया वाहनों, ऑटो की एंट्री पर बैन लगाया हुआ है। इसके लिए नया बाजार, घंटाघर चौक, शहर थाना के सामने और गोशाला मार्केट के पास बैरिकेट लगाकर पुलिस कर्मचारियों व होम गार्ड की ड्यूटी लगाई है। लापरवाही बरतने पर कर्मचारियों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। मंगलवार को दिनभर नाकों पर पुलिस कर्मी ही बेरिकेट को आगे-पीछे कर चार पहिया वाहनों कार आदि की एंट्री करवाते देखे गए।
25 फीट चौड़ा मार्ग सिकुड़ कर हो गया आधा
किरोड़ीमल मंदिर के सामने का मार्ग करीब 25 फीट चौड़ा है मगर राहगीर बमुश्किल 10 से 12 फीट रोड पर ही आवागमन कर रहे है। बाकी पूरी सड़क, फुटपाथ पर दुकानदारों, रेहड़ी चालकों या फुटपाथ दुकानदारों का कब्जा है। दुकानदारों ने पांच से सात फीट तक मेज लगाकर स्टॉल लगा रखी है। ऐसा हाल सिर्फ किरोड़ीमल मंदिर के सामने का नहीं बल्कि घंटाघर से सराय चौपटा, बिचला बाजार, नया बाजार व अन्य बाजारों का भी है। हांसी गेट से घंटाघर तक के पूरे फुटपाथ पर भी दुकानदारों ने कब्जा कर स्टाल लगा ली है।
10 मिनट का सफर नापने में लग जाता है पौना घंटा
बिचला बाजार से घंटाघर चौक तक का मार्ग 10 मिनट में आसारी से पार किया जा सकता है मगर बेतरतीब ट्रैफिक व्यवस्था के कारण इसे पार करने में भी आधे से पौना घंटा लग रहा है। नगर परिषद कर्मचारी मिलीभगत कर जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं कर रहे। यह कहना है जाम में फंसे राहगीरों का।
* फुटपाथ आमजन के पैदल चलने के लिए होते है मगर यहां तो दुकानदारों ने अपनी स्टाल लगा रखी है। सड़क पर वाहन खड़े है। पैदल जाने वालों के लिए कोई रास्ता नहीं। नगर परिषद कर्मचारी पता नहीं कहां सो रहे है। आमजन को परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर बुजुर्गों को पैदल गुजरने में ज्यादा समस्या आ रही है।
चुन्नी लाल, दुकानदार
* नगर परिषद कर्मचारियों को चाहिए कि निरीक्षण कर व्यवस्था बनाए। कम से कम इतनी व्यवस्था न बिगड़े की फुटपाथ के साथ-साथ सड़क पर भी दुकानें लगे। इसके लिए नप कर्मचारियों को पहले दुकानदारों से बैठक करनी चाहिए और नहीं मानते है तो कार्रवाई करनी चाहिए।
संजय दुआ, दुकानदार
वर्जन::
फेस्टिवल सीजन के कारण शहर में ऑटो, कार की एंट्री बैन की गई है। बैरिकेट लगाकर वाहनों की एंट्री रोकी जा रही है। यदि कोई कर्मचारी लापरवाही बरत रहा है तो उसको चेतावनी दी जाएगी और दोबारा करता है तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बाजारों में और व्यवस्था बनाने के लिए सराय चौपटा व अन्य क्षेत्र में भी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
सुभाष, थाना प्रभारी, ट्रैफिक थाना
वर्जन::
फेस्टिवल सीजन में दुकानदार चाहते है कि अच्छी कमाई हो। इसके लिए नप भी परेशान नहीं करता। मगर दुकानदारों को भी यह समझना चाहिए कि व्यवस्था न बिगड़े। अब दुकानदारों ने ज्यादा अतिक्रमण कर लिया है तो कर्मचारियों को भेज इनका सामान हटवाया जाएगा ताकि व्यवस्था बन सके।
भवानी प्रताप, चेयरमैन, नगर परिषद
फोटो 4, 5, 6, 8, 9, 10 व 11