भिवानी। महिला पुलिस थाना की टीम ने रिश्ते में ताऊ लगने वाले सब इंस्पेक्टर पर दुष्कर्म के आरोप लगाने वाली पीड़िता का जिला नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराया। वहीं, दिनभर पुलिस पहले तो पीड़िता को अस्पताल में घुमाती रही। हालांकि जब पीड़िता का पिता लघु सचिवालय में एसपी कार्यालय के समक्ष शिकायत लेकर पहुंचा तो शाम को पुलिस ने दोबारा बुलाकर पीड़िता का मेडिकल कराया। वहीं, आरोपी पक्ष से सब इंस्पेक्टर की पत्नी ने भी पीड़िता के चाचा पर दुष्कर्म की शिकायत महिला पुलिस थाना में दी है। इस पर भी केस दर्ज हुआ है।
पीड़ित लड़की के पिता का आरोप है कि पुलिस सब इंस्पेक्टर उन पर झूठा केस दर्ज कर नाजायज दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है। वे इससे दबने व झुकने वाले नहीं हैं, बेटी को हर हाल में न्याय दिलाकर रहेंगे।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पहुंचे पीड़िता के परिजनों ने बताया कि 30 अगस्त 2024 को स्कूल में उनकी बेटी की अभिभावकों संग बैठक थी। आरोपी उनकी बेटी को स्कूल से लेने गया था। वह उसे कार में बैठाकर किसी सुनसान जगह ले गया तथा उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद सात सितंबर को आरोपी फिर से स्कूल के बाहर छात्रा को लेकर जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन छात्रा ने उसका विरोध किया तथा वहां से चली गई।
परिजनों ने बताया कि पीड़िता के पिता का स्वास्थ्य खराब होने के चलते उन्होंने इस बात को दबाकर रखा, ताकि कोई अनहोनी ना हो जाए। उसने बताया कि आरोपी रिश्ते में पीड़िता का ताऊ और पुलिस में उप निरीक्षक के पद पर तैनात है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी पुलिस में तैनात होने के कारण सारे प्रकरण को अपने प्रभाव का प्रयोग कर दबाने का प्रयास कर रहा है। इसीलिए उन्हें पुलिस अधीक्षक से ही न्याय की उम्मीद है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में निष्पक्ष जांच कराकर आरोपी पर कार्रवाई की जाए। इस बारे में डीएसपी अनूप कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर फिलहाल मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में जांच की जा रही है तथा जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सब इंस्पेक्टर की पत्नी ने भी लगाए पीड़िता के चाचा पर दुष्कर्म के आरोप, केस दर्ज
महिला पुलिस थाना में लड़की से दुष्कर्म के आरोपी सब इंस्पेक्टर की पत्नी ने भी अपने साथ दुष्कर्म की शिकायत दी है। उसने पीड़ित लड़की के चाचा पर ये आरोप लगाए हैं। महिला पुलिस थाना में इस मामले में भी केस दर्ज किया गया है और पीड़िता का भी मेडिकल कराया गया है। इस संबंध में महिला पुलिस थाना की एसएचओ प्रोमिला ने बताया कि दोनों तरफ से दुष्कर्म की शिकायतें आई हैं, जिस पर दोनों में केस दर्ज कर दोनों पीड़िताओं का मेडिकल करा दिया है। इस मामले में पुलिस तहकीकात कर रही है।