भिवानी। श्रावण मास में हर वर्ष हजारों श्रद्धालु कांवड़ लेकर पवित्र यात्रा पर निकलते हैं। इस बार भी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से भिवानी पुलिस ने विशेष तैयारियां की हैं। प्रवर पुलिस अधीक्षक मनबीर सिंह के निर्देशानुसार जिले भर के सभी थाना प्रभारियों और अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिला पुलिस ने रूट प्लान जारी कर स्पष्ट किया है कि कांवड़िए भिवानी शहर के भीतरी मार्गों से न निकलें बल्कि शहर के चारों ओर बने बाईपास मार्गों का प्रयोग करें।
पुलिस ने बताया कि भिवानी शहर में लोहारू रोड फाटक बंद है और लोहारू पुल पर निर्माण कार्य चल रहा है जिससे यातायात बाधित हो सकता है। ऐसे में हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने वाले श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे शहर के भीतर प्रवेश न करें। महम की ओर से आने वाले शिवभक्त सेक्टर 13-23, वैश्य कॉलेज और बापोड़ा चौक होते हुए तोशाम की ओर जाएं जबकि रोहतक की दिशा से आने वाले श्रद्धालु दादरी और लोहारू की ओर जाने के लिए निनान बाईपास का प्रयोग करें।
प्रवर पुलिस अधीक्षक मनबीर सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात का सुचारु संचालन पुलिस की प्राथमिकता है। यात्रा में कोई भी असुविधा न हो, इसके लिए जिला पुलिस मुस्तैद है।
इन नियमों का पालन जरूरी
डीजे की ऊंचाई वाहन की बॉडी से अधिक न हो ताकि बिजली के तारों से कोई दुर्घटना न हो।
किसी भी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक व्यक्ति न बैठाएं।
यातायात नियमों व मोटर वाहन अधिनियम का पूर्ण रूप से पालन करें।
डीजे की ध्वनि स्तर निर्धारित मानकों के अनुरूप रखें।
अवैध गतिविधियों और उन्माद फैलाने वाले कृत्यों से दूर रहें।
यात्रा में तलवार, फरसा, गंडासा, हॉकी, असला आदि किसी भी प्रकार के हथियार साथ रखना पूर्णतः वर्जित है।
पुलिस द्वारा समय-समय पर जारी सभी निर्देशों का पालन अनिवार्य है।
यात्रा के दौरान शराब या किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन पूर्णतः निषिद्ध है।
पर्यावरण की स्वच्छता बनाए रखें, मार्ग में कचरा या गंदगी न फैलाएं।
आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं अनुशासन बनाए रखें, किसी भी प्रकार के विवाद से बचें।
पुलिस सभी श्रद्धालुओं, आयोजकों और आमजन से विनम्र किंतु सख्त अपील करती है कि वे सभी दिशा-निर्देशों का पूरी ईमानदारी, गंभीरता और अनुशासन के साथ पालन करें ताकि कांवड़ यात्रा एक सुरक्षित, श्रद्धामयी एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन के रूप में सम्पन्न हो सके।
- मनबीर सिंह, प्रवर पुलिस अधीक्षक, भिवानी