भिवानी। सरकार की ओर से जिले में पीएम श्री योजना यानी प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया के तहत स्कूलों को अपग्रेड किया जाएगा। योजना के तहत निजी स्कूलों की तर्ज पर सरकारी अस्पतालों को अपग्रेड किया जाएगा, ताकि विद्यार्थी बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए विद्यालय शिक्षा निदेशालय व हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से सभी जिलों से स्कूल चिह्नित कर उनकी सूची मांगी थी। उसमें भिवानी जिले के सात खंडों से 13 स्कूल चिह्नित किए हैं, जिनमें छह खंडों से दो-दो, जबकि बहल खंड से एक स्कूल की सूची भेजी है।
इनमें शहरी क्षेत्र के चार, जबकि ग्रामीण क्षेत्र के नौ स्कूल हैं। विभाग की ओर से यह सूची विद्यालय शिक्षा निदेशालय और हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद को भी भेजी गई है। पीएम श्री योजना के तहत स्कूलों में विशेष बदलाव किए जाएंगे, ताकि निजी स्कूलों की तर्ज पर शिक्षा शुरू की जा सकें। इन स्कूलों में खेल-खेल में पढ़ाई के साथ डिजिटल सुविधाएं भी दी जाएगी।
यहां बदला जाएगा पढ़ने-पढ़ाने का तौर तरीका पीएम श्री योजना यानी प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया के तहत स्कूलों को अपग्रेड करने की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की गई है। इस योजना की शुरुआत में चुनिंदा स्कूलों में पढ़ाई के तौर तरीकों को मेगा परिवर्तन होने वाला है। पीएम श्री योजना के तहत स्कूल के साथ पढ़ने-पढ़ाने के तरीकों में बदलाव किया जाएगा। स्कूलों में बच्चों में रिसर्च करने की क्षमता को विकसित करने से लेकर खेल-खेल में सीखने और टॉय बेस्ड टीचिंग की व्यवस्था होगी। अपने शानदार आधारभूत संरचना के साथ यह स्कूल निजी स्कूलों को टक्कर देने वाले होंगे। यानी खास श्रेणी के यह सरकारी स्कूल भवन से लेकर तमाम उपयोगी सामग्री तक पूरी तरह से मॉडर्न होंगे। जहां स्मार्ट क्लास रूम, हाईटेक कंप्यूटर लैब, साइंस लैब होंगे और इनमें विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे।
खंड अनुसार चिह्नित स्कूलों की सूची
बवानीखेड़ा खंड में शहरी क्षेत्र में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बवानीखेड़ा और ग्रामीण में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किरावड़ चिह्नित किए हैं। बहल में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बहल, भिवानी खंड के शहरी क्षेत्र में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भिवानी और ग्रामीण क्षेत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुंढाल कलां, कैरू खंड में ग्रामीण क्षेत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लेघां और राजकीय कन्या उच्च विद्यालय लोहानी हैं। लोहारू खंड के शहरी क्षेत्र से राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लोहारू और ग्रामीण क्षेत्र में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढिगावा जाटान, सिवानी खंड के शहरी क्षेत्र में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिवानी और ग्रामीण क्षेत्र में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कालोद हैं। जबकि तोशाम खंड में ग्रामीण क्षेत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बजीणा और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खरकड़ी झांवरी को चिह्नित किया है।
पीएम श्री योजना के लिए निदेशालय को जिलेभर से 13 स्कूलों के नाम चयनित कर भेजे हैं। इन स्कूलों के नामों पर निदेशालय की ओर से स्वीकृति दी जाएगी, जिसके बाद ये पीएम श्री योजना में शामिल हो सकेंगे। उम्मीद है कि नए शिक्षा सत्र 2023-24 में दाखिला प्रक्रिया शुरू होने तक स्वीकृति मिल जाएं। सूची में शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के स्कूलों को शामिल किया है।
- रामअवतार शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी, भिवानी।