भिवानी। एक हजार किलोमीटर दूरी तक रोडवेज में सुखद यात्रा का अहसास लिए लोगों के हाथ में हैप्पी कार्ड आया तो चेहरे पर भी मुस्कान छा गई। भिवानी जिले में 16 हजार लोगों के हैप्पी कार्ड बनकर पहुंच गए हैं। अब रोडवेज प्रशासन भी हेल्प डेस्क लगाकर इन हैप्पी कार्डों का वितरण पात्र लोगों तक कराने में जुटा है। वहीं भिवानी जिले में करीब 45 हजार लोगों के हैप्पी कार्ड बनाए जाने हैं।
दरअसल, हैप्पी कार्ड बनाने का काम एक कंपनी को सौंपा हुआ है। इस कंपनी के माध्यम से ही संबंधित लोगों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ही हैप्पी कार्ड बनने के बाद इन्हें प्राप्त किए जाने के मैसेज भी भेजे जा रहे हैं। जिन लोगों के पास ये मैसेज आ रहे हैं वे अपना कार्ड लेने बस स्टैंड पर पहुंच रहे हैं।
हरियाणा सरकार ने रोडवेज बसों में एक हजार किलोमीटर की मुफ्त यात्रा के लिए हैप्पी कार्ड की योजना बनाई हुई है। इस योजना के तहत अब भिवानी जिले में 16 हजार लोगों के हैप्पी कार्ड कंपनी द्वारा तैयार किए जा चुके हैं। ये स्मार्ट कार्ड की तरह ही काम करेंगे। कंपनी की ओर से जिन पात्र लोगों के हैप्पी कार्ड बनाए जा चुके हैं, उनके पास रजिस्टर्ड फोन नंबर पर ओटीपी भेजा जा रहा है। इसके बाद ही उन्हें बस स्टैंड पर ये कार्ड मुहैया मिल रहे हैं।
भिवानी बस स्टैंड पर हेल्प डेस्क लगाया गया है। जिस पर कर्मचारी इन लोगों को ये कार्ड दे रहे हैं। कर्मचारियों ने बताया कि जिन लोगों के पास ओटीपी आया है, वे एक माह के अंदर अपना कार्ड ले सकते हैं। दरअसल, हैप्पी कार्ड वितरण में तकनीकी दिक्कतों की वजह से ओटीपी आने के बाद भी लोगों को ये कार्ड नहीं मिले थे, इसके बाद कंपनी ने पात्र लोगों के पास फिर से ओटीपी भेजा है। इस ओटीपी नंबर को दिखाने पर ही हैप्पी कार्ड का वितरण कर्मचारी कर रहे हैं।
हैप्पी कार्ड के लिए 50 रुपये का करना होगा भुगतान
बस स्टैंड पर जो लोग हैप्पी कार्ड लेने पहुंच रहे हैं, उन्हें 50 रुपये का भुगतान भी करना पड़ता है। ओटीपी में भी 50 रुपये भुगतान के बाद ही ये कार्ड दिए जाने की बातें स्पष्ट की गई हैं। हालांकि इस योजना में 50 रुपये भुगतान का पहले कोई जिक्र नहीं था। इसकी वजह से कुछ लोग इस भुगतान को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं।
अब तोशाम सब डिपो से सिरसा के लिए जल्द दौड़ेगी रोडवेज बस
भिवानी डिपो के उपकेंद्र तोशाम से सीधी सिरसा के लिए जल्द रोडवेज बस सेवा शुरू की जाएगी। करीब चार माह से सिरसा के लिए बस बंद हो गई थी, इसकी वजह बसों की कमी बताई जा रही है, लेकिन अब रोडवेज प्रशासन ने फिर से इस रूट पर बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। जिसके बाद इस रूट पर जाने वाले यात्रियों को इसका फायदा मिलेगा।
हैप्पी कार्ड लेने के बाद ये बोले लाभार्थी
मैंने हैप्पी कार्ड के लिए सीएससी पर आवेदन किया था। इसके बाद मेरे फोन पर मैसेज आया तो मैं यहां हैप्पी कार्ड लेने आया हूं। मुझे खुशी है कि मेरा हैप्पी कार्ड बन गया है, अब मुझे रोडवेज बसों में सफर के लिए किराया नहीं देना पड़ेगा। इस कार्ड के जरिए एक हजार किलोमीटर तक का सफर मुफ्त संभव हो पाएगा।
-रामफल, पालुवास निवासी
रोडवेज बसों में आम लोगों के लिए ये सेवा बहुत सराहनीय कदम है। मेरा हैप्पी कार्ड बना है, जिससे मैं खुश हूं। मुझे अब जरूरी कार्य होने पर रोडवेज बस में किराया नहीं देना पड़ेगा। इस कार्ड के जरिए यात्रा निशुल्क रहेगी।
-राजीव शर्मा, आजाद नगर भिवानी
भिवानी जिले में 16 हजार हैप्पी कार्ड आ चुके हैं। हैप्पी कार्ड वितरण कार्य के लिए अलग से हेल्प डेस्क भी लगाया गया है, जिससे की लोगों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होगी।
- विक्रम सिंह कंबोज, महाप्रबंधक, भिवानी डिपो हरियाणा राज्य परिवहन विभाग।