भिवानी। आगामी अगस्त माह में प्रस्तावित खेल महाकुंभ की तैयारियों के तहत भीम स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय महिला हॉकी प्रतियोगिता का समापन रविवार को हुआ। फाइनल मुकाबले में भिवानी की महिला हॉकी टीम ने रेवाड़ी की टीम को हराकर शानदार जीत दर्ज की और खिताब अपने नाम किया।
इस मौके पर किसान युवा क्लब (केवाईसी) के संस्थापक राकेश बेनिवाल, अधिवक्ता बबीता यादव, सुधीर तंवर और विनीत पिलानिया ने विजेता और उपविजेता टीमों की खिलाड़ियों को बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने खिलाड़ियों को स्वस्थ जीवन के लिए ऑर्गेनिक खाद्य पदार्थों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे अपने परिजनों और आस-पड़ोस के लोगों को भी किसान युवा क्लब की ऑर्गेनिक मुहिम से जोड़ें और रासायनिक रहित खेती व उत्पादों को अपनाने के लिए प्रेरित करें।
वक्ताओं ने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहा बल्कि यह खेल और स्वास्थ्य जागरूकता का प्रभावशाली संगम भी बना। इससे न सिर्फ महिला हॉकी को बढ़ावा मिला, बल्कि नागरिकों को एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी गया। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन किए जाते रहेंगे ताकि युवाओं को खेल और स्वास्थ्य के प्रति प्रोत्साहित किया जा सके।