गांव किरावड़ में पिस्तौल के बल पर तीन बदमाशों से दुकानदार से अल्टो गाड़ी लूट ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दुकानदार राजेंद्र कुमार ने बताया कि उसकी तोशाम में बुक शॉप है। वह पिछले 18 वर्षों से तोशाम ही रहता है। मंगलवार को वह अपने परिवार से मिलने के लिए तोशाम से किरावड़ में अपनी अल्टो गाड़ी से आ रहा था। जैसे ही वह अपने गांव किरावड में तकरीबन सवा नौ बजे पहुंचा तो किरावड़ बस स्टैंड के नजदीक वाटर टैंक के पास मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने गाड़ी के आगे मोटरसाइकिल लगाकर उसे रुकवा लिया।
खिड़की का शीशा खुला होने के कारण एक ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल लगा दी और गाड़ी में बैठाकर बैठाकर रुपयों की तलाशी ली। रुपये न मिलने पर वह उसे हांसी की तरफ ले गए। रास्ते में उन्होंने मोबाइल भी छीन लिया और मैयड़ के पास बिजली बोर्ड के सामने करीब 10 बजे दुकानदार को छोड़कर गाड़ी लेकर भाग गए। जाते-जाते वह मोबाइल वापस दे गए लेकिन बैटरी अपने साथ ले गए।
राजेंद्र ने बताया कि उसने किसी तरह हांसी में रहने वाले अपने भाई रवि महता को सूचित किया। इसके बाद हांसी स्थित पुलिस स्टेशन में सूचना दी। लूट का मामला बवानीखेड़ा एरिया में होने के कारण रात करीब ढाई बजे थाना बवानीखेड़ा को सूचित किया गया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां से मोटरसाइकिल भी गायब थी।
इस बारे में थाना प्रबंधक हंसराज ने बताया कि उनके पास तोशाम के दुकानदार की गाड़ी की लूट का मामला आया था। गांव किरावड़ में मौके पर जाकर मोटरसाइकिल गायब मिली। अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।