भिवानी। त्योहारी सीजन के कारण ऑनलाइन खरीदारी का प्रचलन बढ़ गया है। इसी दौरान लालच और लापरवाही से धोखाधड़ी का खतरा है। इसके मद्देनजर उपायुक्त महावीर कौशिक ने नागरिकों को खरीदारी करते समय सतर्क रहकर ठगी का शिकार होने से बचने की सलाह दी है।
उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में बंपर डिस्काउंट, लॉटरी और इनाम के लालच में ऑनलाइन ठगी के मामले बढ़ जाते हैं। लोग कई बार लालच में आकर संदिग्ध लिंक पर क्लिक कर देते हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो सकता है। उन्होंने सलाह दी कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी का शिकार होने पर गृह मंत्रालय की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और घटना की सूचना दें।
उन्होंने कहा कि खरीदारी के दौरान अपनी व्यक्तिगत जानकारी जैसे कि बैंक खाते और पासवर्ड साझा करने से बचना चाहिए। किसी भी प्रकार की अनचाही कॉल, संदेश या ईमेल से सतर्क रहें और केवल अधिकृत वेबसाइट्स पर ही खरीदारी करें। पहले यह सुनिश्चित कर लें कि इस्तेमाल की जा रही वेबसाइट सुरक्षित है या नहीं। उन्होंने कहा कि सतर्कता और सावधानी ही धोखाधड़ी से बचने का सबसे अच्छा उपाय है। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे इस त्योहारी सीजन का आनंद लें।
उन्होंने कहा कि यदि फिर भी किन्ही कारणों से आपके साथ किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है तो आप सबसे पहले हेल्पलाइन नंबर 1930 डायल करें और अपनी शिकायत को साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज करें। उन्होंने जिले के युवाओं से भी कहा कि वे साइबर अपराधों से सावधान रहकर अपने परिजनों को भी जागरूक करें।