भिवानी। दशहरा के बाद अब दीवाली की तैयारियां है। साथ ही शादी का सीजन भी चल रहा है तो बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। भीड़ को देख लगता है कि पिछले करीब छह माह लोगों के लिए परेशानी बना कोरोना वायरस का संक्रमण अब खत्म हो गया है। 80 फीसदी लोगों के चेहरों से मास्क गायब हैं तो भीड़ के बीच सामुदायिक दूरी कहीं नजर नहीं आ रही। अब तो दुकानदार सैनिटाइजर तक नहीं रखते। वहीं एक-एक दुकान पर 10 से 20 लोगों की भीड़ आम है।
जिला प्रशासन भले ही लोगों को जागरूक कर रहा है, बावजूद इसके लोग कोविड-19 सुरक्षा चक्र में चूक कर रहे हैं। यह लापरवाही महंगी साबित हो सकती है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति की स्वयं की जिम्मेदारी है कि वह खुद को कोविड-19 से बचाए और अन्य को भी। इस माह के आंकड़े भी भयावह हैं। इस माह अब तक 16 कोरोना पॉजिटिव अपनी जान गंवा चुके हैं। इनके अलावा 8838 नए कोरोना संक्रमित भी सामने आए हैं। सोमवार को भी 21 नए पॉजिटिव सामने आए। बता दें कि अगस्त, सितंबर माह में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से हुआ और करीब 2150 लोगों को अपनी चपेट में लिया। इस दौरान करीब 36 कोरोना संक्रमित ने अपनी जान भी गंवाई।
30 वर्ष की आयु के सबसे ज्यादा संक्रमित मगर रिकवरी भी सबसे अधिक
जिले में कोरोना वायरस की चपेट में सबसे अधिक युवा यानी 30 वर्ष से कम उम्र के आए। हालांकि बच्चे भी काफी रहे। करीब 1264 कोरोना संक्रमित ऐसे रहे, जिनकी आयु 30 वर्ष से कम रही। मगर रिकवरी रेट भी इनमें सबसे ज्यादा रही और एक-दो को छोड़ लगभग सभी ठीक हुए। करीब 290 लोग ऐसे रहे, जिनकी आयु 60 वर्ष से अधिक रही मगर अन्य आयु वर्ग से तुलना की जाए तो इनकी रिकवरी रेट सबसे कम रही। जिले में अब तक 52 कोरोना संक्रमित अपनी जान गंवा चुके हैं। इनमें पांच-छह को छोड़ दे तो बाकी लगभग सभी 60 वर्ष से अधिक आयु के हैं।
21 नए पॉजिटिव, 25 ने दी कोरोना को मात
जिले में सोमवार को आए नए संक्रमितों में लोहारू से दो, बवानीखेड़ा से तीन हैं। अब जिले में 3572 कोरोना पॉजिटिव हैं। जिनमें से 3296 ठीक हो चुके हैं। 224 एक्टिव केस हैं। सोमवार को भी 850 सैंपल जांच के लिए पीजीआई भेजे गए। वहीं 25 ने कोरोना को मात भी दी।
किस माह में आए कितने कोरोना पॉजिटिव
माह संक्रमित कुल
अप्रैल 03 03
मई 40 43
जून 414 457
जुलाई 326 783
अगस्त 738 1521
सितंबर 1308 2829
अक्तूबर 817 3551
(26 अक्तूबर तक)
-------
किस आयु के कितने पॉजिटिव
आयु वर्ग संक्रमित
30 वर्ष 1264
31 से 40 671
41-50 512
51-60 395
60 से अधिक 290
(आंकड़े 12 अक्तूबर तक)
वर्जन:::
लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और अपनी सुरक्षा स्वयं करें। मास्क लगाएं और बार-बार हाथा धोएं। जुकाम-बुखार या गले में तकलीफ होने पर जांच करवाएं। लापरवाही महंगी पड़ सकती है।
- डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन
वर्जन-
पहले की तुलना में कोरोना मरीजों की संख्या अब कम तेजी से बढ़ रही है। मगर लापरवाही अभी भी महंगी पड़ रही है। बाजारों में लोग कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन नहीं कर रहे। यह लापरवाही महंगी साबित हो सकती है। आज जरूरी है कि लोग अपने और अपनों की सुरक्षा को लेकर जागरूक हों। मास्क लगाएं और बाजारों में सामुदायिक दूरी का ख्याल रखें।
- डॉ. राजेश कुमार, जिला को-ऑर्डिनेटर कोविड-19