काली पट्टी बांधकर विरोध जताते दि रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन सदस्य। स्रोत : एसोसिएशन
भिवानी। जिले के तमाम कानूनगो और पटवारियों ने दि रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के आह्वान पर काली पट्टी बांधकर अपना विरोध जताया। इसमें प्रशिक्षु पटवारियों ने भी हिस्सा लिया।
जिला प्रधान सुनील कुमार ने बताया कि नवनियुक्त पटवारियों के लिए मुख्यमंत्री ने सात जनवरी को घोषणा की थी कि प्रशिक्षण काल को सेवा अवधि में जोड़ा जाएगा, प्रशिक्षण अवधि 18 महीने की होगी और इस दौरान पूरा वेतन दिया जाएगा। लेकिन नौ महीने बीत जाने के बाद भी यह घोषणा पूरी नहीं हुई है। इसके विरोध में सभी पटवारी और कानूनगो तीन दिन तक काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे।
राज्य उप प्रधान विकास राठी ने कहा कि सरकार जल्द से जल्द घोषणा को लागू करे ताकि प्रशिक्षु पटवारियों के परिवारों का गुजारा हो सके। उन्होंने कहा कि कानूनगो के 89 नए पद जो प्रक्रिया में हैं, उन्हें तुरंत सृजित कर लागू किया जाए और नई सर्कल बंदी की सूची जारी की जाए ताकि प्रशिक्षु पटवारियों को आने वाले समय में समायोजित किया जा सके। इस अवसर पर तहसील प्रधान विक्रांत शर्मा, कानूनगो मदन लाल, पटवारी रविन्द्र कुमार, निखिल शर्मा, हरकेश आदि मौजूद रहे। संवाद