शहर के मेडिकल कॉलेज में लगी मरीजों की भीड़।
भिवानी। मौसम बदलने के साथ जिले में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। मच्छरों के बढ़ते प्रकोप और दूषित पानी के सेवन से पेट और वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है। जिला नागरिक अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. यतिन गुप्ता ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में ओपीडी में उल्टी और दस्त की शिकायतों वाले मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है।
तापमान में बदलाव के कारण मच्छर अधिक सक्रिय हो गए हैं जो जल स्रोतों को संक्रमित कर रहे हैं। दूषित खान-पान और पानी के सेवन से नागरिक वायरल और बैक्टीरियल संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। डॉ. गुप्ता ने आमजन को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि पीने के पानी को अच्छी तरह उबालकर ही ठंडा करके इस्तेमाल करें। खुले खाद्य पदार्थों और कटे हुए फलों का सेवन न करें। घर के आसपास पानी जमा न होने दें और सोते समय मच्छरदानी या रिपेलेंट्स का प्रयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि लगातार उल्टी या दस्त होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें और ओआरएस का घोल लेते रहें।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कहा कि इस समय लापरवाही गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है इसलिए सुरक्षा और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।