नागरिक अस्पताल में दाखिल हाेने के लिए इंतजार करते मरीज।
भिवानी। जिला नागरिक अस्पताल के आपात विभाग में ओपीडी से आए एक मरीज को दाखिल कराने में ही दो घंटे इंतजार करना पड़ा। हुआ यूं कि कस्बा सिवानी से दर्शना अपने पति रामफल को लेकर शुक्रवार को ओपीडी में आई थी, इसी दौरान उसे श्वास की दिक्कत ज्यादा बढ़ गई। इसके बाद उसे आपातकालीन विभाग ले जाया गया, जहां उसे दाखिल करने की प्रक्रिया में ही दो घंटे लगे और इस दौरान मरीज को काफी दिक्कतें भी झेलनी पड़ीं।
दर्शना ने बताया कि उसके पति को टीबी की बीमारी है। करीब एक सप्ताह पहले उसका पति नागरिक अस्पताल के वार्ड में दाखिल था। यहां से थोड़ा आराम होने के बाद उसे छुट्टी मिल गई थी, जिसे दोबारा शुक्रवार को चेकअप के लिए लेकर आए थे। ओपीडी में काफी देर इंतजार करना पड़ा, कोई डॉक्टर भी नहीं था। जबकि उसके पति का श्वास भी उखड़ने लगा तो वे आपातकालीन विभाग लेकर पहुंचे। जहां उसके दाखिल करने की प्रक्रिया में ही दो घंटे लगा दिए। जब तक उसे दाखिल नहीं किया गया तब तक उसे उपचार भी नहीं मिला। अस्पताल के अनुबंधित कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। ऐसे में वहां तैनात स्टाफ ने भी मरीज की हालत पर ध्यान नहीं दिया और मरीज स्ट्रैचर पर ही दाखिल होने के लिए करीब दो घंटे तक इंतजार करता रहा। संवाद