भिवानी। रेलवे की ओर से शहर के सिटी स्टेशन पर पैसेंजर रिजर्व सिस्टम की सुविधा शुरू की गई है। रिजर्वेशन सिस्टम शुरू होने से यात्रियों को सुविधा मिलेगी। यह सुविधा शुरू होने से यात्रियों को अनारक्षित टिकट मिलने के साथ-साथ आरक्षित टिकटें भी उपलब्ध हो सकेंगी।
दरअसल, रेलवे की ओर से हाल ही में शहर के सिटी स्टेशन पर लंबे रूटों की ट्रेनों का ठहराव शुरू किया गया है। अब सिटी स्टेशन पर मुख्य स्टेशन के बजाय किसान एक्सप्रेस व गोरखधाम ट्रेन का ठहराव होता है। यहां से जिले के यात्री दिल्ली व हिसार की साइड जाने के लिए ट्रेनों में सवार होते हैं। इससे हर रोज यहां पर यात्रियों की संख्या में वृद्धि हो रही है।
स्टेशन पर एक खिड़की होने के कारण यात्रियों को टिकट बनवाने में परेशानी का सामना करना पड़ा था। अब यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम खिड़की का शुभारंभ किया गया है। यह सुविधा शुरू होने से यात्रियों को अनारक्षित टिकट के साथ-साथ आरक्षित टिकट भी उपलब्ध हो सकेंगी। रेलवे के इस फैसले से यात्रियों के साथ-साथ रेल राजस्व में भी वृद्धि होगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के अनुसार यह भारतीय रेलवे द्वारा ट्रेन टिकट बुक करने और प्रबंधित करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली ऑनलाइन टिकटिंग प्रणाली है। इस प्रणाली से यात्रियों को समय व पैसे की बचत होगी।