नगर परिषद में लगे फेमिली आईडी कैंप का निरीक्षण करते घनश्याम सर्राफ व चेयरपर्सन भवानी प्रताप।
भिवानी। नगर परिषद कार्यालय में वीरवार को परिवार पहचान पत्र की गलतियों को दुरुस्त करने के लिए शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पहले दिन फैमिली आईडी में गलतियों से 160 मामले आए। इनमें से 120 मामलों का निपटारा किया गया। हालांकि पहले दिन परिवार पहचान पत्र पोर्टल धीरे चलने के कारण लोगों को फैमिली आईडी दुरुस्त करवाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
विधायक घनश्याम सर्राफ व नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप ने शिविर का निरीक्षण किया। फैमिली आईडी में गलतियों को ठीक करने के लिए 13 जुलाई तक शिविर का आयोजन किया जाएगा। दरअसल, सरकार की ओर से परिवार पहचान पत्र की गलतियों को दुरुस्त करने के लिए फिर से शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। वीरवार को पहले ही दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक परिवार पहचान पत्र का पोर्टल धीमा चला। इसके कारण फैमिली आईडी दुरुस्त वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दोपहर बाद पोर्टल सही चलने के बाद फैमिली आईडी दुरुस्त करने वाले कर्मचारियों ने लोगों की समस्याओं का निपटारा किया। शिविर में कार्यों का निरीक्षण करने के लिए विधायक घनश्याम सर्राफ व नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप शिविर में पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान करने के दिशा निर्देश दिए। वीरवार को शिविर में गलतियों को ठीक करवाने के मोबाइल अपडेट, पेंशन, नाम बदलवाना, इनकम जैसे मिलेजुले 160 मामले आए। इनमें से मौके पर ही 120 मामलों का निपटारा किया गया। फैमिली आईडी से संबंधित गलतियों को ठीक करने के लिए शनिवार तक शिविर का आयोजन किया जाएगा।
मैं नगर परिषद में लगे परिवार पहचान पत्र शिविर में हमारी फैमिली आईडी में मेरे पापा की बुढ़ापा पेंशन की उम्र होने पर आयु अपडेट करवाने आया था। लेकिन पोर्टल धीमा चलने के कारण हमें इंतजार करना पड़ा। इससे हमें परेशानी का सामना करना पड़ा।
- संदीप, जीतू वाला जोहड़ निवासी।
मैं जन्म से ही अंधा हूं। नगर परिषद कार्यालय में लगे शिविर में मैं अपनी फैमिली आईडी में विकलांगता से संबंधित कागजात अपडेट करवाने के लिए आया था। फैमिली आईडी में कागजात अपडेट न होने के कारण मेरी पेंशन रूकी हुई थी। लेकिन पोर्टल धीमा चलने के कारण मुझे परेशानी का सामना करना पड़ा।
-प्रदीप, दादरी गेट निवासी, भिवानी।
पहले दिन शिविर में परिवार पहचान पत्र से संबंधित गलतियों के 160 मामले आए। जिनमें से 120 मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया। पहले दिन पोर्टल धीमा चलने के कारण लोगों के कार्य विलंब से हुए। शिविर का आयोजन शनिवार तक किया जाएगा।
- हेमंत सैनी, जोनल मेनेजर, परिवार पहचान पत्र, भिवानी।