बार एसोसिएशन के प्रधान पर हमले के विरोध में नारेबाजी करते न्यायिक परिसर में अधिवक्ता।
भिवानी। 16 जून को होडल में जिला बार एसोसिएशन के प्रधान अधिवक्ता हरबीर सिंह तंवर पर कुछ अपराधियों ने लाठी, डंडों, लोहे के सरियों व फरसो से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर होडल में अधिवक्ता धरने पर है। इसी कड़ी में वीरवार को न्यायिक परिसर में अधिवक्ताओं ने रोष जताया तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान सत्यजीत पिलानिया ने कहा कि अधिवक्ता को न्याय का प्रहरी कहा जाता है तथा लोगों को उम्मीद होती है कि जब भी उनके साथ किसी प्रकार का अन्याय होगा तो एक अधिवक्ता उसकी न्याय की जंग में उसका साथ देगा। लेकिन आज देश में हालात ऐसे हो गए है कि न्याय के प्रहरी स्वयं न्याय की दरकार लगाने को मजबूर हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा।
उन्होंने कहा कि बीते 16 जून को होडल में अधिवक्ता पर हमला हुआ था, लेकिन एक माह होने को है, अभी तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई। जिसके चलते देश भर के अधिवक्ताओं में रोष बना हुआ है। पिलानिया ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो देश भर में अधिवक्ता एकत्रित होंगे तथा बड़ा प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे। इस अवसर पर सचिव दीपक तंवर, उपप्रधान राय, पूर्व सचिव संजय तंवर, पूर्व उपप्रधान मुकेश गुलिया, पूर्व सचिव कृष्ण मलिक, मनेंद्र तंवर, अमित ढुल, अनिल साहु मौजूद रहे। संवाद