बवानीखेड़ा। गांव जमालपुर और आस पड़ोस के गांवों के लोगों द्वारा 14 साल के ऋषभ हत्या मामले में गांव की यादव धर्मशाला में वीरवार को सुबह 10 बजे श्रद्धांजलि सभा और पंचायत बुलाई गई है। 21 फरवरी को ऋषभ की उसके ही चाचा के लड़के हरिओम ने गला घोट हत्या कर शव खेत में दबा दिया था।
सात दिन पहले ऋषभ के परिवार और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शव को गाड़ी में रखकर 23 घंटे धरना प्रदर्शन किया था। वहीं जमालपुर गांव के सभी रास्तों को बंद कर दिया था। परिजन और ग्रामीण सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही शव के अंतिम संस्कार के लिए अड़े हुए थे। जिन्हें मनाने के लिए एसएचओ, तहसीलदार, बीडीपीओ से लेकर सारा प्रशासन दौड़-धूप करता नजर आया था। वहीं 23 फरवरी की शाम तीन दौर की बातचीत के बाद एसडीएम भिवानी के सात दिन में मामले के सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के आश्वासन पर ग्रामीणों ने 23 घंटे बाद जाम खोल बच्चे ऋषभ का अंतिम संस्कार कर दिया था। लेकिन आज सात दिन की समय सीमा खत्म हो रही है। अभी तक पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर पाई है और न ही मुख्य आरोपी के अलावा किसी को गिरफ्तार किया गया है। इसके कारण ग्रामीण आक्रोशित नजर आ रहे हैं और श्रद्धांजलि सभा के बहाने लोगो को पंचायत के लिए बुलाया है।
एसडीएम के आश्वासन पर सहमति के दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी थी कि अगर प्रशासन सात दिन में मामले का खुलासा कर हत्या में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाया तो दोबारा जाम लगा दिया जाएगा। वहीं ग्रामीण पुलिस पर मामले में आरोपियों को बचाने का प्रयास करने के भी आरोप लगा रहे हैं। श्रद्धांजलि सभा और पंचायत में ही इस हत्याकांड को लेकर आगे की रणनीति भी तय होगी।