सोमबीर हत्या मामले में गिरफ्तार आरोपी।
भिवानी। गांव बापोड़ा में सोमबीर हत्याकांड मामले में सदर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से हत्या में प्रयोग की गई दो तलवार, एक मुगदी व एक छुरी बरामद की है। वहीं चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। इस दौरान आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।
सदर थाना पुलिस को गांव बापोड़ा निवासी कर्मवीर ने शिकायत दी थी। उसने बताया था कि गांव के कुछ लोगों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर रात साढ़े 11 बजे घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसकर तेजधार हथियार से उसके भाई सोमबीर व उसके पिता गोपीराम पर जानलेवा हमला कर दिया था। गंभीर हालत में सोमबीर और उसके पिता को उपचार के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने सोमबीर को मृत घोषित कर दिया था वहीं उसके पिता गोपी को उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। इस संबंध में सदर पुलिस ने 14 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या व हत्या प्रयास की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।
पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने इस मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्यों का आकलन कर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए थे। सदर पुलिस थाना के जांच अधिकारी उपनिरीक्षक राधेश्याम ने इस मामले के चार आरोपियों को तिगड़ाना मोड से गिरफ्तार किया। जिनकी पहचान प्रदीप वासी धनाना और बापोड़ा निवासी संदीप, शंकर व सनी के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करके दो दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया है। इस दौरान आरोपियों से वारदात में प्रयोग दो तलवार, एक मुगदी व एक छुरी बरामद हुई है। जांच अधिकारी राधेश्याम ने बताया कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।