गांव लालावास के एक खेत में पाकिस्तान के निशान का बैलून नुमा संदिग्ध चीज पड़ी होने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर तुरंत लोहारू डीएसपी भारत भूषण, क्राइम सीन टीम व जुई थाना प्रभारी संजय कुमार ने मौका मुआयना किया। लोगों की भीड़ को मौके से दूर भेजा। उपस्थित ग्रामीणों के फोन से सब फोटो और वीडियो डिलीट करवाई।
लालावास की बणी में मिला संदिग्ध बैलून
गांव पोहकरवास के सरपंच धर्मेंद्र शर्मा व सुनील शर्मा सुबह सुबह टहलने के लिए निकले थे। उनको रास्ते में पीआईए चांद सितारे छपी एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। उन्होंने इसकी सूचना जुई थाना प्रभारी संजय कुमार को दी। थाना प्रभारी ने तुरंत आला अधिकारियों को इस बारे में अवगत करवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए लोहारू डीएसपी भारत भूषण फॉरेन्सिक टीम लेकर मौके पर पहुंचे। टीम ने आसपास के इलाके में जांच की। उपस्थित भीड़ से भी जानकारी जुटाई। संदिग्ध बैलून को कब्जे में लिया। जूई थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मामले की आला अधिकारी जांच कर रहे है। एक गुब्बारा मिला है जिस पर विमान की फोटो, उस पर पीआईए लिखा हुआ है। जिसको कब्जे में लिया गया है। इस मामले में अभी ज्यादा कुछ कह नहीं सकते ।
हमें आसमान से एक संदिग्ध वस्तु के खेतों में गिरने की सूचना मिली थी। जिस पर पीओके लिखा हुआ है। फिलहाल इस गुब्बारेनुमा वस्तु की जांच की जा रही है। पुलिस ने संदिग्ध वस्तु को अपने कब्जे में ले लिया है।
"भारत भूषण, डीएसपी लोहारू"