भिवानी। भिवानी-रोहतक मुख्य मार्ग पर गांव बामला टोल के पास बिजली के अवैध कनेक्शन से करंट लगने से पालतू कुत्ते समेत उसके मालिक की मौत हो गई। मृतक के पिता की शिकायत पर सदर पुलिस ने टोल के मैनेजर व फार्म हाउस संचालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में सुखपुरा चौक रोहतक निवासी सुनील ने बताया कि उनके तीन अविवाहित बच्चे थे। इनमें दो लड़के और एक लड़की शामिल हैं। उनका 22 वर्षीय बेटा दीपांशु वाहन चालक था। उसे कुत्ते पालने का शौक था। दीपांशु मंगलवार को गाड़ी में कुत्ते को लेकर भिवानी जा रहा था। कुछ देर बाद उसके दोस्त अमित ने उन्हें बताया कि बामला टोल के पास दीपांशु को करंट लगा है।
इस आधार पर वह मौके पर पहुंचे तो वहां कुत्ता मृत पड़ा था और दीपांशु को अस्पताल ले जाया गया था। वहां चिकित्सकों ने दीपांशु को मृत घोषित कर दिया। सुनील ने घटना स्थल पर पहुंचकर देखा कि वहां टोल के पास ही प्रेम रत्न नामक फार्म हाउस और स्विमिंग पूल है। इस फार्म हाउस के मालिक ने अवैध रूप से लापरवाही से लोहे के कांटेदार तारों के साथ से बिजली की तार टोल तक पहुंचाई थी। फार्म हाउस के मालिक की लापरवाही से उनके बेटे और कुत्ते की मौत हो गई।
सुनील ने फार्म हाउस मालिक और टोल प्रबंधक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। सदर पुलिस थाने के जांच अधिकारी एचसी सुशील कुमार ने बताया कि सुनील की शिकायत पर फार्म हाउस के मालिक और टोल प्रबंधक के खिलाफ केस दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।