भिवानी। अब रातभर शहर के मुख्य चौक घंटाघर व हांसी गेट पर पुलिस नाकेबंदी कर जांच करेगी। 35 लाख की लूट मामले के बाद पुलिस प्रशासन ने शहर में स्पेशल नाके लगाए है। इन नाकों पर सीआईए से हाल ही में ट्रैफिक पुलिस में शिफ्ट किए गए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
माल गोदाम रोड पर 35 लाख रुपये लूटने की घटना के बाद से पुलिस प्रशासन शहर की सुरक्षा को लेकर गंभीर नजर आ रहा है। अब पुलिस प्रशासन ने रात के समय अलग से नाके लगाने की योजना बनाई है। इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। शुरूआत में दो नाके शहर के घंटाघर चौक और हांसी गेट चौक पर लगाए गए हैं। प्रत्येक नाके पर तीन से चार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मगर यहां खास बात यह है कि हाल ही में सीआईए से एकदम ट्रैफिक पुलिस में भेजे गए सात कर्मचारियों की ड्यूटी इन नाकोें पर लगाई गई है। इन नाकों के साथ रात्रि पुलिस गश्त भी बढ़ाई गई है और सभी पीसीआर को गश्त करने के निर्देश दिए गए है।
सभी वाहन की जांच
स्पेशल नाके बृहस्पतिवार रात से शुरू हो गए है। रातभर नाकों पर तैनात पुलिस एक एक वाहन की गहनता से जांच में जुटी रही। देर रात पुलिस को चौक चौराहों पर देख आने जाने वाले लोग भी हैरान रहे।
चोरों पर भी नकेल लगाने की योजना
सर्दी की शुरूआत के साथ ही चोरी की घटनाएं भी बढ़ने लगी है। बुधवार देर रात महम गेट पर एक मोबाइल शॉप का शटर उखाड़ चोर करीब 15 लाख के मोबाइल व करीब 50 हजार की नगदी चोरी कर ले गए। इसके अलावा भी चोरी की वारदात लगातार बढ़ रही है। इन नाकों से चोरों पर भी नकेल कसने में मदद मिलेगी।
वर्जन::
शहर वासियों की सुरक्षा व आपराधिक किस्म के लोगों को पकड़ने के लिए पुलिस ड्यूटी लगाई गई है।
अशोक बख्शी, डीएसपी हेड क्वार्टर