अब शहर में जल्द ही पांचवां रेलवे ओवरब्रिज अस्तित्व में आएगा। लंबे समय से अटकी जीतूवाला फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की फाइल अब आगे बढ़ी है। बीकानेर रेलमंडल ने ओवरब्रिज की ड्र्रांइग को मंजूरी प्रदान कर दी है। जीतूवाला रेलवे फाटक संख्या 52 पर नया पुल निर्माण काम शुरू होगा। बीकानेर रेल मंडल कंस्ट्रक्शन विभाग के चीफ इंजीनियर ने आरओबी ड्राइंग को मंजूरी दी है। अब बीएंडआर के अधिकारी डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) बनाने में जुटे हैं। ऐसे में उम्मीद है कि अगले 15 दिनों में पुल निर्माण के टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जिससे एक दर्जन से अधिक कालोनियों के 50 हजार लोगों को इसका फायदा मिलेगा।
पिछले करीब एक दशतक से जीतूवाला क्षेत्र का दायरा काफी बढ़ा है। शहर के कृष्णा कॉलोनी से दिनोद रोड पर रेवाड़ी हिसार रेलवे फाटक संख्या 52 लगता है। रेलवे स्टेशन के नजदीक होने की वजह से अधिकांश समय रेलवे फाटक बंद ही रहता है। कृष्णा कॉलोनी की तरफ से जीतूवाला क्षेत्र में आने-जाने वालों के लिए रास्ते में फाटक सबसे बड़ी रुकावट बना है। यही वजह है कि पिछले काफी अर्से से इस इलाके के लोग यहां अंडर पास की मांग करते आ रहे थे। अंडर पास निर्माण की प्रक्रिया भी अधिकारियों ने शुरू क थी, लेकिन ऐन वक्त पर भूमिगत जलस्तर काफी ऊंचा होने की वजह से मामला खटाई में पड़ गया । इसके बाद आरओबी निर्माण पर मंथन शुरू हुआ। मगर आरओबी निर्माण में भी कई बाधाएं सामने आ रही थी। इसी को लेकर संयुक्त रूप से संबंधित विभागों की बैठक रेलवे रेस्ट हाउस में हुई और इसके बाद पुल निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। जिसके बाद पुल निर्माण की ड्राइंग तैयार कर बीकानेर रेल मंडल भेजी गई। पिछले करीब छह माह से ये ड्राइंग रेलवे मंडल में ही लंबित थी, जिसे अब मंजूरी मिल चुकी हैं।
जीतूवाला फाटक पर शहर का सबसे छोटा रेलवे पुल बनेगा
बीएंडआर विभाग के एसडीओ शशांक ने बताया कि रेलवे फाटक पर करीब 560 मीटर का आरओबी निर्माण होगा, जो अब तक सबसे छोटा पुल होगा। कृष्णा कॉलोनी छोर पर 280 मीटर व जीतूवाला छोर पर 220 मीटर पुल बीएंडआर द्वारा तैयार किया जाएगा। जबकि 60 मीटर का टॉप सेक्शन रेलवे निर्माण कराएगा। पुल निर्माण की डीपीआर तैयार की जा रही हैं, जल्द ही पुल की अनुमानित लागत भी साफ हो जाएगी।
पुल निर्माण को लेकर 22 मकान और दुकानों को भी दिए थे नोटिस
जीतूवाला फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में आड़े आने वाले करीब 22 मकान और दुकानों के बीएंडआर विभाग ने नोटिस जारी किए हुए हैं। बीएंडआर अधिकारियों का कहना है कि पुल निर्माण की ड्राइंग में जिस जगह पुल बनेगा वो जगह सरकारी जगह हैं, जहां पर कुछ मकान, दुकानें बनाई गई हैं। जबकि नोटिस पाने वालों का कहना है कि वे तीन दशक से यहां रह रहे हैं, जगह खाली करने को तैयार नहीं है।
इन कॉलोनी के लोगों को मिलेगा लाभ
जीतूवाला क्षेत्र की दुर्गा कॉलोनी, ब्रह्मा कॉलोनी, आंबेडकर कॉलोनी, लक्ष्मीनगर, बालाजी कॉलोनी, एमसी कॉलोनी, लाजपत नगर, शास्त्री नगर, परशुराम कॉलोनी, तोशाम बाईपास क्षेत्र की सभी कॉलोनियों को फायदा मिलेगा। इसके अलावा गांव दिनोद, ढाणी रिवासा, ढाणीमाहू, कोहाड़ बजीणा, देवसर तक जाने वाले ग्रामीणों के लिए भी शहर पहुंचना आसान हो जाएगा। पुल निर्माण को लेकर क्षेत्र के लोगों ने कई दिनों तक अनिश्चित कालीन धरना भी दिया था और भूख हड़ताल भी की थी।
बीकानेर रेल मंडल से जीतूवाला फाटक पुल निर्माण की ड्राइंग रेलवे से मंजूर हो चुकी है। अब डीपीआर तैयार कर फाइनेंस विभाग से मंजूरी लेकर टेंडर कराए जाएंगे। जिसके बाद वर्क ऑर्डर जारी कर पुल निर्माण का काम जल्द शुरू कराया जाएगा।
-कृष्ण कुमार कार्यकारी अभियंता बीएंडआर विभाग।