भिवानी में उपायुक्त को मांग पत्र सौंपने जाते शहर की प्रीत विहार कॉलोनी वासी।
भिवानी। नियमों के अनुसार रिहायशी क्षेत्र में शराब का ठेका नहीं खोला जा सकता। लेकिन बावड़ी गेट के नजदीक प्रीत विहार कॉलोनी की मुख्य गली के बाहर स्थित शराब का ठेका सभी नियमों की धज्जियां उड़ा रहा है। इसके चलते कॉलोनीवासियों में रोष है। कॉलोनीवासी प्रशासन से शराब ठेके को तुरंत प्रभाव से यहां से स्थानांतरित किए जाने की मांग कर रहे हैं।
मंगलवार को कॉलोनीवासियों ने उपायुक्त और आबकारी अधिकारी को मांगपत्र सौंपकर शराब ठेके का स्थान बदलने की मांग की। कॉलोनी निवासी सूरज गांधी, प्रेम धमीजा, राजकुमार, रविंद्र परमार, अशोक सोनी ने बताया की उक्त गली से शहर की श्रीश्याम कुंज सोसायटी, लक्ष्मी एनक्लेव और प्रीत विहार जैसी प्रमुख कॉलोनी को जाने का रास्ता है। शाम होते ही यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। जिसके चलते एक तरफ गली में जाम जैसी स्थिति बनी रहती है। इसके कारण यहां से गुजरना भी मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोग यहां से शराब खरीद कर यहीं गली में बैठकर पीते हैं और आने-जाने वाली महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसते हैं। कॉलोनीवासियों की ओर से इसका विरोध करने पर उनके साथ ही मारपीट करने पर उतारू हो जाते हैं। इसकी शिकायत कई बार शराब ठेका संचालक एवं आबकारी अधिकारी को की जा चुकी है। परंतु ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत से इसका कोई हल नहीं निकला। क्षेत्रवासियों ने कहा कि इसकी शिकायत सीएम विंडो में भी की जा चुकी है, परंतु आबकारी अधिकारी ने ठेकेदार से मिलकर किसी नागरिक के झूठे साइन करवा कर शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। इसलिए उन्होंने मांगपत्र सौंपकर शराब के ठेके को स्थानांतरित करने की मांग उठाई है। इस मौके पर संदीप कुमार, कृष्णा देवी, फूलन देवी, उमा देवी, पुष्पा, सतीश कुमार, सुमन गुप्ता, अजय कुमार उपस्थित रहे।