राजकीय पशु चिकित्सा पॉली क्लिनिक में घायल कछुए के साथ चिकित्सक।
भिवानी। राजकीय पशु चिकित्सा पॉली क्लीनिक में गंभीर रूप से घायल कछुए का जटिल ऑपरेशन शनिवार को सफलतापूर्वक किया गया जिससे उसे नया जीवन मिला। वन्यजीव निरीक्षक ने गोरक्षा दल की सहायता से कछुए को क्लिनिक पहुंचाया। ट्रैक्टर से दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण उसका कवच बुरी तरह टूट गया था।
डॉ. जॉनी, डॉ. सुभाष और पॉली क्लीनिक की टीम ने सामान्य एनेस्थीसिया के तहत लगभग तीन घंटे तक सर्जरी की। कवच के सही संरेखण के बाद बाहरी स्थिरीकरण के लिए 20 अलग-अलग स्थानों पर तार लगाए गए। टीम के अनुसार ऑपरेशन के तुरंत बाद कछुए की स्थिति में सुधार दिखने लगा। इसी दिन पॉली क्लीनिक में अन्य जटिल सर्जरी भी की गईं जिनमें बकरी का सिजेरियन ऑपरेशन, कुतिया का बधियाकरण तथा भैंस के बछड़े की ट्यूब सिस्टोटॉमी शामिल थीं। क्लिनिक में पिछले महीने एक कोबरा की भी सफल सर्जरी की गई थी।