भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की फरवरी-मार्च में आयोजित होने वाली सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी मुक्त विद्यालय परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन 20 नवंबर से शुरू होंगे। परीक्षार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर आवेदन कर सकेंगे।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. शंकर लाल धूपड़ और सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि सेकेंडरी मुक्त विद्यालय की अतिरिक्त विषय, रि-अपीयर, आंशिक एवं पूर्ण विषय अंक सुधार श्रेणी की परीक्षा के लिए 1450 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं सीनियर सेकेंडरी मुक्त विद्यालय की इन्हीं श्रेणियों के लिए 1500 रुपये परीक्षा शुल्क देना होगा। बिना विलंब शुल्क के आवेदन 20 से 30 नवंबर तक किए जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रायोगिक परीक्षा के लिए प्रति विषय 100 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा। निर्धारित समय में आवेदन नहीं कर पाने वाले परीक्षार्थी एक से 10 दिसंबर तक 100 रुपये विलंब शुल्क सहित आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद 11 से 21 दिसंबर तक 300 रुपये और 22 से 31 दिसंबर तक 1000 रुपये विलंब शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन का अवसर मिलेगा।
.