भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड सितंबर में आयोजित होने वाली हरियाणा मुक्त विद्यालय (ओपन स्कूल) की दसवीं और बारहवीं परीक्षा के लिए एक जुलाई से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू करेगा। परीक्षार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि यह परीक्षाएं सीटीपी, ओसीटीपी, री-अपीयर, अतिरिक्त विषय, आंशिक व पूर्ण विषय अंक सुधार श्रेणियों के तहत कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि सेकेंडरी (दसवीं) स्तर पर सीटीपी, ओसीटीपी व अतिरिक्त विषय श्रेणी के परीक्षार्थियों को 1200 रुपये और री-अपीयर, आंशिक व पूर्ण विषय अंक सुधार श्रेणी के परीक्षार्थियों को 1100 रुपये शुल्क देना होगा। इसी प्रकार सीनियर सेकेंडरी (बारहवीं) स्तर पर सीटीपी, ओसीटीपी व अतिरिक्त विषय श्रेणी के लिए 1250 रुपये और री-अपीयर, आंशिक व पूर्ण विषय अंक सुधार के लिए 1150 रुपये परीक्षा शुल्क निर्धारित किया गया है।सभी श्रेणियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित की गई है।
इसके अतिरिक्त प्रायोगिक विषयों की परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को 100 रुपये प्रति विषय अलग से देना होगा। बोर्ड ने परीक्षार्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।