भिवानी। जिले में ब्लैक फंगस से मौत का एक नया मामला सामने आया है। जिसके बाद ब्लैक फंगस से मौत का आंकड़ा तीन और इससे ग्रस्त मरीजों का आंकड़ा 29 पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग कोविड, शुगर और पोस्ट कोविड मरीजों पर विशेष फोकस किए हुए है। लक्षण मिलने पर मरीज को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज और रोहतक पीजीआई रेफर कर रहा है।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में फंगस से एक की मौत हो गई और एक नया मामला सामने आया है। गांव खरक कलां वासी 55 वर्षीय प्राइवेट स्कूल संचालक 17 मई को कोरोना संक्रमित मिला था। जिसे उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। हालत गंभीर होने पर उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया। जहां उसके फंगस, कोविड और अस्थमा होने की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे वेंटिलेटर में उपचार शुरू किया। लेकिन तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने उसकी मौत की वजह कोविड और फंगस सहित अस्थमा बताई है। वहीं वीरवार सुबह जिला सामान्य अस्पताल की ओपीडी में चेकअप की दौरान फंगस से ग्रस्त एक मामला मिला। जिसकी प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सक ने अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जिले में अब तक 29 केस सामने आ चुके हैं और तीन की मौत हो चुकी है।
वर्जन::
ब्लैक फंगस के काफी केस सामने आ चुके हैं। ऐसे में नागरिकों से अपील है कि सावधानी रखें। मास्क को रोजाना गर्म पानी से धोएं। बार-बार अपने हाथ को सैनिटाइज करें। खाने पीने की वस्तुओं का ध्यान रखें कि कहीं उन पर फंगस तो नहीं। साथ ही अपने आस पास की जगह का साफ रखें।
- डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन।