भिवानी। जिले में रविवार को ओमिक्रॉन ने दस्तक दे दी है। तोशाम सीएससी क्षेत्र निवासी 38 वर्षीय व्यक्ति के सैंपल की जीनोम सीक्वेसिंग में ओमिक्रॉन होने की पुष्टि हुई है। व्यक्ति कुछ दिन पहले ही विदेश से लौटा था और उसने वैक्सीन की दोनों डोज भी लगवा रखी है। स्वास्थ्य विभाग ने तीन जनवरी को विदेश से लौटे आठ व्यक्तियों के सैंपल जीनोम सीक्वेसिंग के लिए भेजे थे। जिले में ओमिक्रॉन का केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। वहीं रविवार को कोरोना के 103 नए मामले सामने आए हैं। हालांकि 39 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं।
स्वास्थ्य के अनुसार ओमिक्रॉन की पुष्टि होने वाला व्यक्ति तीन जनवरी को दुबई से अपने घर पहुंचा था। इसी दिन व्यक्ति का कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया, जिसमें उसकी रिपोेर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद विभाग ने ओमिक्रॉन की जांच के लिए सैंपल जीनोम सीक्वेसिंग के लिए तीन जनवरी को ही भेज कर व्यक्ति को होम आइसोलेट कर दिया। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसके परिवार और आसपास के लोगों के सैंपल लिए, जिनमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके बाद रविवार को युवक की जीनोम सीक्वेसिंग में ओमिक्रॉन होने की पुष्टि हुई है। फिलहाल मरीज स्वस्थ है और उसके किसी प्रकार की स्वस्थ्य संबंधी कोई परेशानी नहीं है।
जिले में रविवार को 103 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही 39 मरीज स्वस्थ हुए हैं। नए मरीज मिलने के बाद तीसरी लहर में संक्रमितों का आंकड़ा 631 पहुंच गया है, जिनमें से दो की मौत हो चुकी है। इसके बाद जिले में 550 सक्रिय मरीज हैं। कोरोना संक्रमित छह मरीज अस्पताल और 544 मरीज होम आइसोलेट है। वहीं इनमें से 352 मरीज शहरी और 198 मरीज ग्रामीण क्षेत्र से है। रविवार को कोरोना की जांच के लिए 700 लोगों के सैंपल नागरिक अस्पताल की लैब में भेजे है, जिनकी रिपोर्ट सोमवार सुबह आएगी।
सीएचसी अनुसार सक्रिय मरीजों की जानकारी
सीएचसी सक्रिय मरीज
धनाना 41
कैरू 29
लोहारू 27
मानहेरू 46
मीरान 10
तोशाम 27
जमालपुर 18
बाजार में लोग बरत रहे लापरवाही
स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन लगातार लोगों को कोविड-19 सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने में लगा हुआ है। इसके लिए स्वास्थ्य कर्मियों से लेकर स्वयंसेवकों की मदद ली जा रही है। इसके बावजूद शहर के मुख्य बाजार घंटा घर, हांसी गेट, दिनोद गेट, बिचला बाजार, सराय चौपटा, किरोड़ीमल मंदिर क्षेत्र, हालु बाजार, कृष्णा कॉलोनी चौक, सब्जी मंडी, रोहतक गेट, महम गेट, फैंसी चौक में कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। लोगों के चेहरे पर न तो मास्क है और न ही उचित सामुदायिक दूरी। मुख्य बाजारों में तो लोगों के बीच अक्सर धक्का-मुक्के देखने को मिल रही है।
सिविल सर्जन ने वीडियो जारी कर की लोगों से अपील
सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य ने रविवार को जिला वासियों से कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन करने और वैक्सीनेशन करवाने के लिए अपील की है। उन्होंने इसके लिए स्वयं का वीडियो भी जारी किया है। वीडियो के माध्यम से उन्होंने लोगों को ओमिक्रॉन और तीसरी लहर से बचाव के लिए घर में रह कर सावधानी बरतने की सलाह की है। साथ ही उन्होंने कहा कि जिले में ओमिकॉन का एक मामला सामने आ गया है, ऐसे में सभी लोग सतर्क रहे और अपने व अपनों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।
कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर ने दस्तक दे दी है। आए दिन नए मामले सामने आ रहे है। ओमिक्रॉन वैरिएंट के लक्षण डेल्टा वैरिएंट से ज्यादा अलग नहीं है, मगर इसमें विशेष यह है कि ओमिक्रॉन में बुखार, खांसी, जुकाम हल्के रहता है। इसकी वजह से जल्द ही ओमिक्रॉन की पहचान नहीं हो पाती। साथ ही विशेषज्ञ अन्य लक्षणों के बारे में रिसर्च करने में जुटे हुए है। आमजन इस बात का ध्यान रखे कि खांसी, जुकाम और बुखार होने पर स्वास्थ्य की जांच और कोरोना टेस्ट जरूर करवाएं।
- डॉ. यतिन गुप्ता, सीनियर फिजिशियन, नागरिक अस्पताल।