अतिरिक्त उपायुक्त को मांगपत्र सौंपते वेटरन संगठन के पदाधिकारी।
भिवानी। वेटरन संगठन भिवानी के पदाधिकारियों ने जिला प्रधान सूबेदार मेजर विरेंद्र सिंह ग्रेवाल बामला के नेतृत्व में अतिरिक्त उपायुक्त को मांगपत्र सौंपा। इस दौरान हुडा (एचएसवीपी) पार्क में फैली गंदगी का निदान करवाने की मांग को उठाया।
सूबेदार मेजर विरेंद्र सिंह ने कहा कि हुडा पार्क शहर में गंदगी का पर्याय बना हुआ है। इसके चलते यहां घूमने आने वाले नागरिकों के लिए परेशानी बनी रहती है। उन्होंने मांगपत्र के माध्यम से हुडा पार्क में जगह-जगह गंदगी फैली रहती है, बच्चों के खेलने के झूले व बैंच टूटे पड़े हैं, रात के समय लाइटों की कोई व्यवस्था नहीं है, पार्क की रेलिंग टूटी पड़ी है, पानी के अभाव में पेड-पौधे सूखे पड़े हैं, हुडा पार्क की रेलिंग टूटी पड़ी है, योगा करने वाले स्थान की छत टूटी है जहां बारिश में पानी टपकता है। हर वर्ष टेंडर निकाले जाने के बावजूद भी हुडा पार्क के फव्वारे करीबन 10 वर्षों से बंद पड़े हैं। उपरोक्त समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करवाया जाए।
उन्होंने कहा कि पार्क में लोग अपनी सेहत को सुधारने के लिए सैर करने आते हैं। लेकिन हुडा पार्क की व्यवस्था इन दिनों खुद बदहाल है। इसके चलते नागरिकों को भारी परेशानी हो रही है। इसके चलते नागरिकों में रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि वेटरन संगठन भिवानी हुडा पार्क की स्थिति की सुध लेने की मांग को लेकर बार-बार अधिकारियों को अवगत करवा चुका है, लेकिन अधिकारी नागरिकों की सुविधा की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि प्रशासन हुडा पार्क के सुंदरीकरण की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए, नहीं तो वेटरन संगठन भिवानी प्रदर्शन करने पर मजबूर होगा। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त हर्षित कुमार ने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही हुडा पार्क का निरीक्षण करेंगे तथा जल्द से जल्द वहां की स्थिति में सुधार करवाया जाएगा। इस अवसर पर रिटायर्ड कमिश्नर होशियार सिंह मेंढ़वाली, जोगेंद्र सिंह, पूर्व बैंक मैनेजर विजय श्योराण, पूर्व एमडी ऋषिराम, महासचिव श्रीराम जांगड़ा मौजूद रहे।