मुख्य सीवर लाइन में रुकावट की वजह से शहर की कई कॉलोनियों में सीवरेज के गंदे पानी की निकासी नहीं हो रही है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी भी मुख्य सीवर लाइन को चालू कराने की तैयारियों में जुटे हैं। इसके लिए दिल्ली से हैवी सुपर शकर मशीन और प्रशिक्षित कर्मचारी भी बुलाए गए हैं। शहर के मुख्य सीवर की डिस्पोजल तक तीन जगह लाइनों में बंद लगाए गए हैं। हालांकि दिवाली से पहले ही जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग का क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों को ठीक किए जाने का काम पूरा हो चुका है। इसी सप्ताह डिस्पोजल तक मुख्य सीवर लाइन को चालू कराया जाएगा।
भिवानी के सरकुलर रोड दिनोद गेट पर मुख्य सीवर लाइन क्षतिग्रस्त होने पर उसे ठीक किया जा चुका है। लेकिन अभी यहां लाइन को बंद लगाया हुआ है। इसकी वजह से घंटाघर और दिनोद गेट क्षेत्र की मुख्य सीवर लाइन को देवसर चुंगी के मैन डिस्पोजल तक चालू नहीं किया है। इसी तरह नेशनल हाईवे के दायरे में आने वाले हनुमान ढाणी के सीवर मैनहोल से मुख्य लाइन तक लाइन में भी बंद लगाया गया है। जबकि हालुवास गेट पर मुख्य सीवर लाइन को बदली करने और नया सीवर मैनहोल बनाए जाने के बाद यहां लगाए गए बंद को अभी नहीं हटाया है।
इन तीनों ही जगहों पर शुक्रवार तक दिल्ली की टीम के यहां आने के बाद चालू कराए जाने की तैयारियां चल रही हैं। अगर दिल्ली से हैवी सुपर शकर मशीनें और कर्मचारी समय ये यहां पहुंचते हैं तो इन तीनों जगहों की मुख्य सीवर लाइनों को देवसर चुंगी के डिस्पोजल तक चालू करा दिया जाएगा। लाइनों में बंद की वजह से कई हिस्सों में सीवर लाइनों से गंदे पानी की निकासी नहीं हो रही है। इसकी वजह से कई जगह सीवर मैनहोल भी ओवरफ्लो हो रहे हैं।
शहर में मुख्य सीवर लाइन को दुरुस्त किए जाने का काम पूरा हो चुका है। तीन जगहों पर मुख्य सीवर लाइन को कार्य की वजह से बंद किया गया था, जिसे चालू कराने के लिए दिल्ली की कंपनी से प्रशिक्षित कर्मचारी व मशीनरी मंगवाई गई है। इसी सप्ताह लाइन चालू कराए जाने की उम्मीद है।
- सुनील रंगा, कार्यकारी अभियंता, शहरी सीवरेज शाखा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग।