फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: रोडवेज बसों का चक्का जाम होने से ठप रही यात्री और ग्रामीण डाक सेवाएं, मुसाफिरों का कठिन हुआ सफर

Wed, 15 Nov 2023 10:59 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। रोडवेज कर्मचारी की हत्या के विरोध में बुधवार अल सुबह चार बजे से ही भिवानी डिपो में बसों का चक्का जाम रहा। रोडवेज बसों का संचालन नहीं होने से करीब 32 हजार यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन

प्राइवेट वाहनों और बसों ने रोडवेज हड़ताल से जमकर चांदी कूटी। प्राइवेट बसों में मुसाफिरों की खूब मारामारी बनी। भिवानी के रेलवे स्टेशन पर भी टिकट बुकिंग खिड़की पर यात्रियों की भीड़ देखी गई। बस नहीं चलने से ट्रेनों में यात्रियों की संख्या भी सामान्य से डेढ़ गुना बढ़ गई। बस स्टैंड पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा और अल सुबह चार बजे रोडवेज कर्मशाला से हड़ताली कर्मचारियों ने एक भी रोडवेज बस बाहर नहीं निकलने दी। जबकि बाहर से आने वाली बसों को अंदर जरूर जाने दिया गया।
भिवानी डिपो की 202 रोडवेज बसे रोजाना करीब 40 हजार किलोमीटर की दूरी तय करती हैं। इसमें एक बस दिन में करीब चौसर यानी चार बार आने जाने के फेरे तक लगाती है। करीब 32 हजार मुसाफिर रोडवेज बसों में रोजाना सफर कर रहे हैं, लेकिन बुधवार को रोडवेज चक्का जाम होने से यात्रियों को निजी वाहनों व प्राइवेट बसों में ही सफर करना पड़ा।
विज्ञापन

जिले के ग्रामीण क्षेत्र से शहर के कॉलेजों और स्कूलों में आने वाले करीब 20 हजार विद्यार्थियों को भी स्कूल और कॉलेज पहुंचने में दिक्कतें आईं। वहीं हड़ताल की वजह से एक दिन में रोडवेज विभाग को भी करीब 16 लाख रुपये का चूना लग गया। हड़ताली कर्मचारियों ने रोडवेज कर्मशाला के बाहर अनिश्चितकालीन पड़ाव डाल दिया। एक भी रोडवेज बस को कर्मशाला से बाहर नहीं निकलने दिया। रोडवेज अधिकारियों के साथ साथ डीएसपी मुख्यालय रमेश कुमार पहुंचे और भारी पुलिस बल भी कर्मशाला के बाहर तैनात रहा। रोडवेज कर्मचारियों ने बुधवार सुबह बस स्टैंड के मुख्य गेट का ताला भी नहीं खुलने दिया। हड़ताली रोडवेज कर्मचारी रोडवेज कर्मचारी की हत्या आरोपियों की मांग पर अड़े रहे। वहीं ग्रामीण डाक सेवाएं भी ठप रही, क्योंकि ग्रामीण क्षेत्र में बसों से ही रोजाना डाक पहुंचाई जाती हैं


चौक चौराहों पर वाहनों का इंतजार करते रहे मुसाफिर
रोडवेज की हड़ताल की वजह से शहर के चौक चौराहों पर भी मुसाफिर वाहनों के इंतजार में घंटों तक खड़े रहे। खासकर छोटे बच्चों के साथ सफर कर रही महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के चौराहों से प्राइवेट बसों ने भी खूब सवारियां उठाईं। बस आते ही यात्री भी उस पर टूट पड़ते। निजी बसों में भी मुसाफिरों ने खड़े होकर ही सफर किया।



तोशाम और लोहारू सब डिपो में भी नहीं हुआ बसों का संचालन
भिवानी बस स्टैंड के अलावा तोशाम और लोहारू सब डिपो से भी बसों का संचालन नहीं हुआ। तोशाम बस स्टैंड और लोहारू बस स्टैंड गेट पर भी ताला लगा दिया। वहीं कर्मचारियों ने धरना दिया। कस्बाई इलाकों से चंडीगढ़, पंचकूला ड्यूटी पर जाने वाले यात्रियों को दिक्कतें हुईं। वहीं लोगों के जरूरी कामकाज भी अटक गए। अवैध सवारी वाहनों ने भी दिनभर सवारियां ढोने में अपनी पूरी क्षमता लगाई।


रेलवे जंक्शन पर रही यात्रियों की भीड़
बसों के संचालन नहीं होने से लोगों को ट्रेनों से सफर करना पड़ा। इसके लिए भिवानी से हिसार और भिवानी से रोहतक, भिवानी से दिल्ली और चंडीगढ़ जाने वाले लोगों ने ट्रेन से सफर किया। टिकट खिड़की पर भी अचानक रेल यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। वहीं प्लेटफार्म नंबर एक, दो और तीन पर ट्रेनों के इंतजार में भी यात्री घंटों खड़े रहे। रोडवेज की बस तो हर दस से 15 मिनट बाद सर्विस दे रही थी, मगर ट्रेनों का शेड्यूल पहले से ही निर्धारित होने से यात्रियों को घंटों तक गाड़ी आने का इंतजार करना पड़ा।

जिन बसों का दूसरे डिपो में रात्रि ठहराव था वे बसें यात्रियों को लेकर वापस लौटी हैं। जबकि डिपो से बुधवार को बसें हड़ताल की वजह से नहीं चलीं। रोडवेज प्रशासन और सरकार कर्मचारी संगठनों से बातचीत कर रही है, जल्द सुलह निकलने की उम्मीद है।
विज्ञापन

-डॉ. नेत्रपाल खत्री, महाप्रबंधक, भिवानी डिपो हरियाणा राज्य परिवहन विभाग।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें