भिवानी। डीसी साहिल गुप्ता ने समाधान शिविरों में आने वाली समस्याओं का समाधान करने पर एटीआर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।
उन्हाेंने वीरवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में सीएम विंडो, समाधान शिविर और जनसंवाद पोर्टल की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण या सफाई जैसी समस्याओं के समाधान के पश्चात फोटो साथ अपलोड किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि जरूर करें। समस्या का री-ओपन होना संबंधित विभाग के मुखिया की जिम्मेवारी होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लंबित समस्याओं का समाधान सबसे पहले करें और उनकी एटीआर भरें।
साथ ही उन्होंने कहा कि अब सप्ताह में तीन दिन समाधान शिविरों की लंबित समस्याओं की भी समीक्षा होगी, ऐसे में अधिकारी पूरी गंभीरता से काम करें। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को स्वयं रुचि लेकर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।