भिवानी। गर्मी के मौसम के मद्देनजर जिले में समुचित पेयजल आपूर्ति के लिए उपायुक्त महावीर कौशिक की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में सिंचाई विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग और पंचायत विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिए कि अधिकारी सभी जलघरों व तालाबों को भरना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम के दौरान नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल मिलना चाहिए। इसके साथ ही तालाबों में पानी भरना सुनिश्चित करें ताकि मवेशियों के समक्ष पानी की दिक्कत न हो। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकल्प के तौर पर पानी के वाटर टैंकर का भी प्रबंध किया जाए। अगर किसी गांव में पानी की समस्या बनती है तो जलघरों के नजदीक ट्यूवबेल लगाकर पानी की सप्लाई की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि ट्यूबवेल का पानी सप्लाई करने से पहले जनस्वास्थ्य विभाग व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम पानी के नमूनों की पूर्णता जांच करने उपरांत ही सप्लाई करें।
इस दौरान उपायुक्त ने जल जीवन मिशन के तहत ग्राम जल एवं सीवरेज समिति को जल प्रणाली संचालन की भी समीक्षा की। बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षक अभियंता दलबीर दलाल ने अप्रैल माह से जल प्रणाली को ग्राम एवं सीवरेज समिति को संचालन करने की विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त ने सभी बीडीपीओ को एसडीएम के साथ खंड स्तर पर सरपंच सम्मेलन आयोजित करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम भिवानी महेश कुमार, एसडीएम लोहारू मनोज दलाल, सिवानी एसडीएम विरेन्द्र सिंह व तोशाम एसडीएम डॉ. अश्वीर नैन, एसई पब्लिक हेल्थ दलबीर दलाल मौजूद रहे।