भिवानी। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) ने जुलाई से एक बड़ा देशव्यापी सर्वेक्षण शुरू किया है। इसका उद्देश्य प्रवासन की बदलती प्रवृत्तियों, परिवारों की ऋण व निवेश स्थिति और ग्रामीण कृषक परिवारों की सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों का सटीक आकलन करना है। यह महा सर्वेक्षण जून 2027 तक चलेगा। एनएसओ ने आमजन से इसमें सहयोग की अपील की है।
वरिष्ठ सांख्यिकीय व पब्लिसिटी अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि एनएसओ ने जुलाई से तीन नए सर्वेक्षण शुरू किए हैं। इनमें प्रवासन सर्वेक्षण, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण और स्थिति आकलन सर्वेक्षण शामिल हैं। इन सर्वेक्षणों का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर योजना और नीति निर्माण के लिए विश्वसनीय आंकड़े एकत्रित करना है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय वर्ष 1950 से देशभर में आंकड़े जुटा रहा है।
सर्वेक्षण के मुख्य उद्देश्य
इस सर्वे से रोजगार, शिक्षा व विवाह के कारण होने वाले प्रवासन के आंकड़े मिलेंगे। परिवारों की कर्ज-संपत्ति की स्थिति और कृषि आय से जुड़े प्रामाणिक आंकड़े भी प्राप्त होंगे। किसानों की आजीविका से संबंधित जानकारी भी जुटाई जाएगी। सर्वेक्षणों में उपभोक्ता मूल्य, ऋण एवं निवेश जैसे महत्वपूर्ण पहलू शामिल हैं। कृषि परिवारों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति का भी आकलन किया जाएगा। औद्योगिक एवं सेवा क्षेत्रों से संबंधित आंकड़े भी जुटाए जाएंगे।
जनहितकारी योजनाएं बनाने में मिलेगी मदद
इन आंकड़ों से केंद्र व राज्य सरकारों को जनहितकारी योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी। नीतियां भी प्रभावी ढंग से तैयार की जा सकेंगी। अजीत कुमार ने बताया कि सर्वेक्षणों में एकत्रित सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं। सर्वेक्षण में भाग लेने वाले परिवारों और उद्यमों की पहचान किसी भी रिपोर्ट या प्रकाशित डेटा में प्रकट नहीं की जाती है। डेटा का उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है।
सर्वे में चयनित क्षेत्र
श्रम बल सर्वेक्षण के लिए तोशाम क्षेत्र के गांव खरकड़ी माखवान व भिवानी के विभिन्न वार्ड चुने गए हैं। राष्ट्रीय पारिवारिक आय सर्वेक्षण के लिए मालवास कोहाड़, ढाणा लाडनपुर, सिंघानी, बामला व भिवानी के विभिन्न वार्ड चुने गए हैं। प्रवासन संबंधी विवरण के लिए गांव रोढ़ा, हालुवास, रतेरा, दिनोद और भिवानी के विभिन्न वार्ड का चयन किया गया है। अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश व कृषि परिवारों का स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण के लिए गांव खारियावास का चयन किया गया है। वरिष्ठ सांख्यिकीय व पब्लिसिटी अधिकारी ने आमजन व उद्यमियों से सर्वेक्षण अधिकारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की भागीदारी राष्ट्र के हित में बेहतर योजना और विकास में सहायक होती है।