राजकीय कन्या स्कूल का मुख्य द्वार।
भिवानी। राजकीय और निजी स्कूलों में कक्षा 9वीं और 11वीं में दाखिला लेने से वंचित विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। शिक्षा विभाग ने इन दोनों कक्षाओं में दाखिले की अंतिम तिथि 30 जुलाई तक बढ़ा दी है। अब वे विद्यार्थी जो किसी कारणवश समय पर दाखिला नहीं ले पाए थे उन्हें एक और मौका मिला है।
शिक्षा निदेशालय, सेकेंडरी शिक्षा की ओर से जारी निर्देशों में स्पष्ट कहा गया है कि सभी राजकीय और निजी स्कूलों में 30 जुलाई तक कक्षा 9वीं और 11वीं में दाखिले किए जाएंगे। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्कूल में दाखिले को लेकर विद्यार्थियों को अनावश्यक परेशानी न हो।
पूर्व में इन कक्षाओं में दाखिले की अंतिम तिथि 16 जून तय की गई थी। लेकिन उस दौरान ग्रीष्मकालीन अवकाश के चलते अधिकांश विद्यार्थी दाखिला नहीं ले पाए थे। इसके चलते छात्रों और विभिन्न संगठनों ने शिक्षा विभाग से तिथि बढ़ाने की मांग की थी, जिस पर अब सकारात्मक निर्णय लेते हुए दाखिला अवधि बढ़ा दी गई है।
डिप्टी जिला शिक्षा अधिकारी शिव कुमार तंवर ने कहा कि विभाग की ओर से स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी विद्यार्थी को दाखिले से वंचित न किया जाए। उन्होंने कहा कि 30 जुलाई तक जिले के सभी स्कूलों में दोनों कक्षाओं में दाखिले की प्रक्रिया जारी रहेगी।
विभाग की ओर से दोनों कक्षाओं में 30 जुलाई तक दाखिलों के निर्देश दिए गए हैं। किसी कारण से वंचित विद्यार्थी के पास अब दाखिला लेने का सुनहरा अवसर है। जिले के सभी स्कूलों में 30 जुलाई तक दाखिले सुनिश्चित किए जाएंगे।
-शिव कुमार तंवर, डिप्टी जिला शिक्षा अधिकारी, भिवानी