भिवानी। अब जिले के गांव ओबरा और बलियाली को जल्द नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिलेंगे। मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल इन गांवों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोले जाने की मंजूरी मिल चुकी है। इतना ही नहीं लोहारू में 100 बेड के सामान्य अस्पताल निर्माण का साइट प्लान भी स्वास्थ्य महानिदेशालय को भेजा गया है। इसी के साथ गांव कुड़ल के हेल्थ वेलनेस सेंटर को भी खुद का नया भवन जल्द मिलेगा। इसके निर्माण की मंजूरी भी मिल गई है वहीं गांव बिसलवास के हेल्थ वेलनेस सेंटर में पुराने भवन की रिपेयरिंग कराई जाएगी।
भिवानी जिले में स्वास्थ्य विभाग की सात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। जबकि 22 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और तीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। ओबरा और बलियाली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुलने के बाद जिले में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की संख्या भी अब 27 हो जाएगी। इसके अलावा जिले में चार सब डिविजनल अस्पताल हैं। एक सामान्य अस्पताल और एक राजकीय नेत्र अस्पताल है। कस्बा लोहारू में फिलहाल 50 बेड का अस्पताल है। इसे सीएम घोषणा में 100 बेड की मंजूरी के बाद इसका साइट प्लान स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों ने मुख्यालय को भेजा है। इसके बाद बीएंडआर विभाग इस साइट प्लान के हिसाब से अस्पताल की ड्राइंग तैयार कर अनुमानित बजट का खाका तैयार करेगा।
फिलहाल लोहारू अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की संख्या भी अब दोगुनी हो जाएगी। इसकी प्रक्रिया भी अभी चल रही है। लोहारू अस्पताल में चिकित्सकों के लिए रिहायशी क्वार्टर और नए अस्पताल का भवन भी तैयार होगा। इसके अलावा लोहारू के पुराने भवन को भी ध्वस्त किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया भी अब जल्द शुरू हो जाएगी।
ओबरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए चिकित्सकों के पदों को मिली मंजूरी
ओबरा गांव में बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए स्वास्थ्य महानिदेशालय की तरफ से चिकित्सकों व अन्य स्टाफ सदस्यों के नए पद स्वीकृत किए हैं। इन पदों पर भी स्वास्थ्य विभाग नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द शुरू कर देगा। इसके बाद गांव में ही लोगों को चिकित्सा सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी। बलियाली के लिए चिकित्सकों व अन्य स्टाफ सदस्यों के पदों की स्वीकृति की प्रक्रिया अभी जारी है।
लोहारू क्षेत्र के पिछड़े इलाके के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने घोषणा की थी। सीएम घोषणा के तहत लोहारू का अस्पताल अपग्रेड होगा। वहीं गांव ओबरा में नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिलेगा। जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बलियाली में नई पीएचसी की घोषणा की थी, जिसकी मंजूरी हो चुकी है। लोहारू में सामान्य अस्पताल बनने के बाद लोगों को भिवानी या हिसार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
-जयप्रकाश दलाल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, हरियाणा सरकार।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव ओबरा और बलियाली में नई पीएचसी निर्माण की मंजूरी मिल चुकी है। जबकि ओबरा पीएचसी में चिकित्सकों व अन्य स्टाफ के पदों की स्वीकृति भी मिल गई है। लोहारू में अपग्रेड अस्पताल का साइट प्लान मुख्यालय भेजा है। इसी तरह कुड़ल के हेल्थ वेलनेस सेंटर का नया भवन बनेगा और बिसलवास के हेल्थ वेलनेस सेंटर का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके बाद जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा।
-डॉ. रघुवीर शांडिल्य, सिविल सर्जन, भिवानी।