भिवानी। अब बहल क्षेत्र के तीन बड़े गांवों के पास खुद के सामुदायिक केंद्र होंगे। इनका ग्रामीण सामुदायिक कार्याें में इस्तेमाल कर पाएंगे। वहीं जिले के 13 गांवों में कई दशकों से कच्ची पड़ी फिरनी भी अब पक्की होंगी। इसमें तीन गांवों की फिरनी निर्माण के बजट को भी मंजूरी मिल चुकी है।
प्रत्येक सामुदायिक केंद्र निर्माण पर विभाग तीन करोड़ दस लाख रुपये का बजट खर्च करेगा। पंचायती राज विभाग ने सामुदायिक केंद्र निर्माण के टेंडर लगा दिए हैं, जिन पर 14 नवंबर के बाद वर्क ऑर्डर अलॉट किए जाएंगे। बहल क्षेत्र के गांव चहड़कलां, मंढोली खुर्द, ओबरा गांव शामिल हैं, जिनमें सामुदायिक केंद्र बनेंगे।
पंचायती राज विभाग ग्राम स्तर पर विकास कार्याें को लेकर सरकार के समक्ष मसौदे भेज रहा है। इसमें से तीन गांवों में सामुदायिक केंद्रों के निर्माण के बजट को मंजूरी मिलने के बाद विभाग ने इन कार्याें के टेंडर कराए हैं। कृषि मंत्री के विधानसभा क्षेत्र के गांव चहड़कलां, मंढोली और ओबरा गांव में सामुदायिक केंद्रों का निर्माण कराया जाएगा।
इन गांवों में सामुदायिक केंद्र के लिए जगह चिह्नित किए जाने के बाद पंचायती राज विभाग ने सरकार के समक्ष मसौदा भेजा था, जिस पर अब मंजूरी मिलने के बाद टेंडर लग चुके हैं। जिन्हें 14 नवंबर के बाद खोला जाएगा। इसके बाद ही संबंधित कार्यों के एजेंसी को वर्कऑर्डर अलॉट होंगे। गांवों में बनने वाले इन सामुदायिक केंद्रों में शादी विवाह, पंचायत, सामूहिक मुद्दे पर वार्तालाप या फिर किसी भी आयोजन में इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अंदर सभी आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
बलियाली, बापोड़ा और पाथरावाली गांव की फिरनी होगी पक्की
पंचायती राज विभाग बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव बलियाली और बापोड़ा के अलावा पाथरावाली गांव में फिरनी को पक्का कराएगा। इसका बजट मंजूर हो चुका है। गांव बापोड़ा में गांव की आबादी के चारों तरफ की फिरनी यानी कच्चे रास्ते को पक्का कराया जाएगा। इस पर तीन करोड़ से अधिक का बजट खर्च आएगा। इसी तरह गांव पाथरावाली में भी 72 लाख के बजट से पूरे गांव की आबादी के चारों तरफ के कच्चे पंचायती रास्ते को पक्का किया जाएगा। बलियाली में भी फिरनी पक्की करने के लिए लाखों का बजट मंजूर हो चुका है। पंचायती राज विभाग ने करीब 13 गांवों की फिरनी पक्की किए जाने के बजट की मंजूरी मांगी थी, जिनमें अन्य गांवों के बजट भी मंजूर होंगे। इसके बाद इन कार्याें के टेंडर कराकर इन पर वर्कऑर्डर कर पंचायती राज विभाग की एजेंसी रास्तों के निर्माण का काम शुरू करेंगी।
-
तीन गांवों में नए सामुदायिक केंद्रों का निर्माण कराए जाने के टेंडर लगाए गए हैं, जिन पर 14 नवंबर के बाद वर्कऑर्डर कराए जाएंगे। इसी तरह तीन गांवों में कच्ची फिरनी को पक्का कराया जाएगा। सरकार के समक्ष शिवधाम के मसौदे भी भेजे हुए हैं, जन पर जल्द ही बजट मंजूर होकर आ जाएगा।
- संभव जैन, कार्यकारी अभियंता, पंचायती राज विभाग तकनीकी शाखा भिवानी।
लोहारू क्षेत्र में सरकार करोड़ों रुपयों के बजट से तेजी से विकास कार्य करा रही है। ग्राम पंचायतों से भी अनुरोध किया जा रहा है कि गांव में विकास के लिए ज्यादा से ज्यादा मसौदे भेजे, ताकि उन पर बजट मंजूर कर गांव का विकास कराया जा सके। बहल क्षेत्र में तीन गांवों में सामुदायिक केंद्र बनेंगे, इसके लिए हमने सरकार से बजट मंजूर कराया है। जिनका जल्द ही काम शुरू कराएंगे।
- जयप्रकाश दलाल, किसान कल्याण एवं कृषि मंत्री हरियाणा सरकार।