भिवानी। अब बजट के अभाव में अधर में लटके सरकारी स्कूलों के कामों को जल्द गति मिलेगी। इसके लिए समग्र शिक्षा भिवानी ने दो करोड़ 70 लाख 53 हजार रुपये का बजट जारी कर दिया है। इससे अधूरे पड़े कामों को मार्च तक पूरा कर सरकारी स्कूलों में बच्चों को ढांचागत सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
भिवानी जिले के सात खंडों में बजट के अभाव की वजह से साइंस लैब, चहारदीवारी, अतिरिक्त कक्षा कक्ष के काम अधूरे पड़े हैं, जिन्हें अब स्कूल हेड के खाते में बजट दिया जाएगा। इसके बाद स्कूल मैनेजमेंट कमेटी की सहमति और निगरानी में ये अधूरे काम पूरे होंगे।
समग्र शिक्षा भिवानी की ओर से जिले के एक दर्जन से अधिक सरकारी स्कूलों को नए भवन निर्माण की सौगात देने के बाद जर्जरहाल स्कूलों की मरम्मत के लिए भी करोड़ों का बजट दिया गया है। अब ऐसे स्कूलों का बचा हुआ बजट भी विभाग ने जारी किया है, जिनका पहले बजट दिया था, जिसमें काम अधर में लटक गया है। अब अधर में लटके कामों को भी दो करोड़ 70 लाख 53 हजार रुपये के बजट से जल्द पूरा करा दिया जाएगा।
विभाग को अधूरे पड़े कामों को हर हाल में मार्च तक पूरा कराना होगा। ऐसे में जिले के सभी खंडों में संबंधित स्कूलों के मुखियाओं को ये बजट राशि मुहैया कराई गई है। स्कूल एसएमसी कमेटी की निगरानी में ये अधूरे काम पूरा होंगे और इसकी रिपोर्ट भी विभाग को भेजी जाएगी। पिछले एक साल से अधिकांश स्कूलों में इस तरह के काम बजट के अभाव से ही अधूरे पड़े थे, जिसकी वजह से न केवल बच्चों को ढांचागत सुविधाएं मिल रही थीं। संवाद
जिले के इन खंडों में ये होंगे अधूरे पड़े कार्य पूरे
1. लोहारू खंड: 19 कक्षा कक्ष, 16 सरकारी स्कूलों में चहारदीवारी का निर्माण, छह कंप्यूटर कक्ष, सात अतिरिक्त कक्षा कक्ष, नौ साइंस लैब, 12 लाइब्रेरी, तीन भौतिक विज्ञान लैब, चार रसायन विज्ञान लैब, 13 जीव विज्ञान लैब, चार वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के कार्य अधूरे पड़े हैं।
2. बहल खंड : दो स्कूलों की चहारदीवारी, तीन भौतिकी विज्ञान, जीव विज्ञान और साइंस लैब, एक लाइब्रेरी के कार्य अधूरे पड़े हैं।
3. सिवानी खंड : दो कक्षा कक्ष, चार रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के कार्य अधूरे पड़े हैं।
4. कैरू खंड : एक कक्षा कक्ष, चार स्कूलों की चहारदीवारी, दो साइंस लैब के कार्य अधूरे पड़े हैं।
5. बवानीखेड़ा खंड : दो कंप्यूटर कक्ष, चार अतिरिक्त कक्षा कक्ष, आठ आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष, दो साइंस लैब, एक भौतिकी विज्ञान लैब, तीन जीव विज्ञान लैब, तीन लाइब्रेरी के कार्य अधूरे पड़े हैं।
6. भिवानी खंड : एक कंप्यूटर कक्ष, एक चहारदीवारी, चार लाइब्रेरी, एक आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष, नौ अतिरिक्त कक्षा कक्ष, दो साइंस लैब, एक भौतिकी विज्ञान लैब, पांच जीव विज्ञान लैब के कार्य अधूरे पड़े हैं।
7. तोशाम खंड : एक कक्षा कक्ष, तीन सरकारी स्कूलों में चहारदीवारी का निर्माण, दो भौतिकी विज्ञान लैब, तीन जीव विज्ञान लैब के कार्य अधूरे पड़े हैं।
भिवानी जिले के जिन सरकारी विभागों में विद्यार्थियों के लिए ढांचागत सुविधा विस्तार की परियोजनाओं पर काम अधूरा पड़ा था, उन्हें पूरा कराने के लिए विभाग ने दो करोड़ 70 लाख 53 हजार रुपये का बजट जारी कर दिया है। इस बजट को स्कूल हैड के खाते में डाला जाएगा। इसमें संबंधित विद्यालय एसएमसी की निगरानी में ये अधूरे पड़े काम मार्च तक पूरा कराएंगे। इनमें स्कूलों के अंदर चहारदीवारी का निर्माण, अतिरिक्त कक्षा कक्ष के अलावा साइंस लैब, कंप्यूटर कक्ष सहित अन्य कार्य शामिल है।
-दत्तात्रेय शर्मा, एसडीई समग्र शिक्षा भिवानी।